CG Weather Today: मानसून की विदाई के बाद फिर बदला मौसम, रायपुर में गरज के साथ बारिश और ओलावृष्टि; आज भी छाए रहेंगे बादल

रायपुर। छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई के महज तीन दिन बाद राजधानी रायपुर में मौसम ने अचानक करवट ले ली। बुधवार दोपहर बाद कई इलाकों में आसमान में बादल घिर आए और तेज हवाओं के साथ गरज-चमक शुरू हो गई। इसके बाद कुछ क्षेत्रों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को भी प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है।
34 डिग्री तक पहुंचा तापमान, फिर अचानक बदला मौसम
मौसम में बदलाव से पहले रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। दोपहर बाद अचानक आसमान में बादल छाने लगे और तेज हवाओं के साथ मौसम बदल गया। राजधानी के कुछ हिस्सों में बारिश हुई, जबकि कई इलाकों में धूप भी निकलती रही।
मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण का असर
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश के ऊपर बने मौसम तंत्र के मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ने का असर भी बुधवार को दिखाई दिया।
इस सिस्टम के प्रभाव से दुर्ग में दोपहर के समय अच्छी बारिश हुई। इससे पहले बिलासपुर, बलरामपुर और कबीरधाम के कुछ इलाकों में भी बारिश दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में भी बादलों की आवाजाही और बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया।
माना में बारिश, सड्डू में गिरे ओले
रायपुर के माना इलाके में कुछ देर बारिश हुई, जबकि सड्डू क्षेत्र में हल्की बारिश के साथ ओले भी गिरे। शहर के कई हिस्सों में बादल गरजते रहे, वहीं कुछ इलाकों में धूप भी खिली रही। मौसम के इस अचानक बदलाव से दिन के तापमान में भी असर देखने को मिला।
आज और कल कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक गुरुवार को भी रायपुर समेत प्रदेश के कुछ हिस्सों में इसी तरह का मौसम बना रह सकता है। हालांकि मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। शुक्रवार के बाद संबंधित मौसम प्रणाली के कमजोर होने के आसार हैं।
फिलहाल प्रदेश में दिन के समय तेज धूप और रात के दौरान अपेक्षाकृत ठंडक महसूस होने की स्थिति बनी हुई है। मानसून की विदाई के बाद मौसम में आए इस बदलाव के बीच अगले कुछ दिनों तक स्थानीय स्तर पर बादल, तेज हवा और हल्की बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।




