CG Crime : रायपुर में गांजा तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, 24 घंटे में 127 किलो से ज्यादा गांजा जब्त

रायपुर। राजधानी रायपुर में सूखे नशे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग मामलों में 127.309 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कुल कीमत करीब 64 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और संबंधित थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला, पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिनसन गुरिया की मॉनिटरिंग में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
फाफाडीह में ऑटो से 82.51 किलो गांजा बरामद
पहली कार्रवाई 7 अक्टूबर 2026 को गंज थाना क्षेत्र में की गई। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि पचपेड़ी नाका की ओर से एक ऑटो में तीन लोग गांजा लेकर रेलवे स्टेशन की तरफ जा रहे हैं।
सूचना के बाद पुलिस टीम ने संदिग्ध ऑटो की तलाश शुरू की। कुछ देर बाद ऑटो फाफाडीह चौक स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास नजर आया। पुलिस ने पीछा कर ऑटो को रोक लिया। उसमें सवार तीन लोगों की पहचान मुकुन्द शर्मा (27), गोपाल वर्मा उर्फ गोपी (28) और संतोष साहू (34) के रूप में हुई।
पुलिस ने ऑटो में रखे ट्रॉली बैग की तलाशी ली, जिसमें 82.51 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे और अन्य सामान की कीमत करीब 41.25 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।मामले में गंज थाने में अपराध दर्ज कर धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
टाटीबंध में 44.799 किलो गांजा के साथ दो आरोपी और नाबालिग पकड़े गए
दूसरी कार्रवाई 8 अक्टूबर 2026 को आमानाका थाना क्षेत्र में की गई। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि टाटीबंध स्थित इस्कॉन टेंपल मोड़ के पास कुछ लोग गांजा लेकर ग्राहक की तलाश में खड़े हैं।
सूचना के आधार पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की। आरोपियों की पहचान कान्हू डकुआ (36), निवासी ओडिशा और सुमित भट्टाचार्य (36), निवासी पश्चिम बंगाल के रूप में हुई। इनके साथ एक नाबालिग भी मिला।
बैग की तलाशी लेने पर पुलिस को 44.799 किलोग्राम गांजा मिला। इसकी कीमत करीब 22.40 लाख रुपये बताई गई है। मामले में आमानाका थाने में अपराध दर्ज कर धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचेगी पुलिस
दोनों मामलों में पुलिस अब आरोपियों से गांजे की सप्लाई और डिलीवरी से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जानकारी जुटा रही है। पूछताछ के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था, किसे सप्लाई किया जाना था और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आने वाली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
NDPS के 85 मामलों में 190 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के मुताबिक, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने अब तक NDPS एक्ट के 85 मामलों में 190 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इन कार्रवाइयों में पुलिस ने करीब 6 करोड़ 31 लाख 2 हजार 810 रुपये कीमत का गांजा, ओशन ग्रो (गांजा), प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, एमडीएमए, पार्टी पिल्स, कोकीन, प्रतिबंधित सिरप, डोडा, हेरोइन (चिट्टा), ब्राउन शुगर, अफीम, नकदी, वाहन, मोबाइल फोन, कट्टा, चाकू समेत अन्य सामान जब्त किया है।





