#प्रदेश

छत्तीसगढ़ के IPS संतोष सिंह ने संभाली दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा की कमान, CISF में बने DIG

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी संतोष सिंह को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत संतोष सिंह को दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) में CISF के DIG के रूप में पदस्थ किया गया है। इसके साथ ही उन्हें दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

संतोष सिंह के पास सुरक्षा प्रबंधन और प्रशासनिक कार्यों का लंबा अनुभव है। नई जिम्मेदारी के तहत वे दिल्ली की लाइफलाइन कही जाने वाली मेट्रो की विभिन्न लाइनों, स्टेशनों और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े दायित्व संभालेंगे।

271 स्टेशनों वाली दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा की जिम्मेदारी

दिल्ली मेट्रो देश की प्रमुख त्वरित परिवहन प्रणालियों में शामिल है। यह 271 स्टेशनों के जरिए दिल्ली के साथ उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई शहरों को जोड़ती है। बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन मेट्रो से सफर करते हैं।

हाल ही में 17 सितंबर को दिल्ली मेट्रो में एक दिन में करीब 82.45 लाख यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई थी। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संतोष सिंह की नई जिम्मेदारी अहम मानी जा रही है।

छत्तीसगढ़ के 9 जिलों में SP/SSP रह चुके हैं संतोष सिंह

संतोष सिंह को छत्तीसगढ़ में अलग-अलग जिलों में काम करने का व्यापक अनुभव रहा है। वे रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, राजनांदगांव, कोरिया, रायगढ़, महासमुंद, नारायणपुर और कोंडागांव में SP/SSP के रूप में जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

इसके अलावा वे सुकमा में ASP और दुर्ग में CSP के पद पर भी रह चुके हैं। अलग-अलग क्षेत्रों में पुलिसिंग का अनुभव उन्हें सुरक्षा व्यवस्था की बारीकियों से परिचित कराता है।

औद्योगिक और रणनीतिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा का भी अनुभव

केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान संतोष सिंह सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। वे हैदराबाद में DIG South Zone-2 के रूप में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक के औद्योगिक एवं रणनीतिक प्रतिष्ठानों के साथ पूर्वी तट के बंदरगाहों की सुरक्षा व्यवस्था देख रहे थे।

संतोष सिंह सामुदायिक पुलिसिंग के प्रयोगों और संवेदनशील पुलिसिंग के लिए भी पहचाने जाते हैं। अब दिल्ली मेट्रो जैसे बड़े और महत्वपूर्ण सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क की सुरक्षा की जिम्मेदारी उनके अनुभव में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया है।