#प्रदेश

महंत कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना का स्थापना दिवस मनाया गया, विद्यार्थियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

Advertisement Carousel

रायपुर। महंत लक्ष्मी नारायण दास महाविद्यालय, गांधी चौक रायपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का स्थापना दिवस एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर नवोदित छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों की सराहना प्राप्त की। कार्यक्रम में फोरेंसिक विभाग के निदेशक डॉ. टी.एल. चंद्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. देवाशीष मुखर्जी ने की।

समाज में जागरूकता लाना एनएसएस का उद्देश्य : डॉ. चंद्रा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. टी.एल. चंद्रा ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना की स्थापना का मूल उद्देश्य सामाजिक सद्भावना को बढ़ावा देना है। एनएसएस से जुड़कर विद्यार्थी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा एवं स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता फैलाने का कार्य करते हैं। उनके प्रयासों से आम लोगों को प्रेरणा मिलती है और समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार होता है।

विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में भी सहायक है एनएसएस

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. देवाशीष मुखर्जी ने कहा कि महंत कॉलेज के एनएसएस के विद्यार्थी गांवों में जाकर स्वास्थ्य, शिक्षा, साक्षरता, स्वच्छता और स्वस्थ मनोरंजन जैसे विषयों पर लोगों को जागरूक करते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने के साथ उनके व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

विभिन्न जिलों और गांवों में सेवा कार्य कर रहे विद्यार्थी

राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत साहू ने कहा कि महाविद्यालय से लगातार मिल रहे सहयोग के कारण एनएसएस के विद्यार्थी छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों और गांवों में जाकर हरियाली, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। विद्यार्थी बच्चों, बुजुर्गों और अन्य लोगों को भी जागरूक करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि महंत कॉलेज के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से समाजसेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।

कार्यक्रम के अंत में एनएसएस के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें अतिथियों और उपस्थित लोगों ने सराहा। कार्यक्रम का संचालन सिमरन एवं साथियों ने किया।