CG News: कांकेर में ACB का एक्शन, 20 हजार रुपये रिश्वत लेते दो कृषि विस्तार अधिकारी गिरफ्तार

Kanker News: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आमाबेड़ा क्षेत्र में पदस्थ दो ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को कथित तौर पर 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों अधिकारियों ने किसान की फसल बीमा राशि जारी कराने के बदले कुल बीमा राशि का 75 प्रतिशत हिस्सा मांगा था। शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी जगदलपुर की टीम ने ट्रैप कार्रवाई की।
फसल बीमा के 90 हजार रुपये के बदले मांगे 67,500 रुपये
मामला आमाबेड़ा तहसील के आलनार गांव निवासी किसान सगाऊ राम कोमरा की शिकायत से जुड़ा है। शिकायत के अनुसार, फसल खराब होने के बाद किसान को बीमा के तहत 90 हजार रुपये मिलने थे। आरोप है कि राशि दिलाने के बदले दोनों अधिकारियों ने बीमा रकम का 75 प्रतिशत यानी 67,500 रुपये देने की मांग की थी।
किसान ने रिश्वत देने के बजाय मामले की शिकायत एसीबी जगदलपुर से की। इसके बाद ब्यूरो ने शिकायत का सत्यापन कराया।
पहली किश्त लेते ही एसीबी ने दबोचा
शिकायत सही पाए जाने के बाद एसीबी ने दोनों अधिकारियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान सुन्दर लाल बच्छड़ और प्रवीण उर्फ रिंकू चंद्राकर को किसान से रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 20 हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया गया।दोनों आरोपी आमाबेड़ा क्षेत्र में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला
एसीबी ने दोनों अधिकारियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई शुरू की है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।




