#प्रदेश

Chhattisgarh Liquor Scam: शराब घोटाले में आबकारी विभाग के अपर आयुक्त आशीष श्रीवास्तव सस्पेंड, EOW के पूरक चालान में नाम आने के बाद कार्रवाई

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाला मामले में राज्य सरकार ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। आबकारी विभाग के अपर आयुक्त आशीष श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया गया है। आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने 14 अक्टूबर को रायपुर की विशेष अदालत में मामले में पूरक चालान पेश किया था, जिसमें आशीष श्रीवास्तव का नाम शामिल है। इसके बाद छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमों के तहत उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।

14 अक्टूबर से प्रभावी माना जाएगा निलंबन

आबकारी विभाग ने शनिवार, 17 अक्टूबर को आशीष श्रीवास्तव के निलंबन का औपचारिक आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार, निलंबन 14 अक्टूबर से ही प्रभावी माना जाएगा।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय नवा रायपुर स्थित आबकारी आयुक्त कार्यालय निर्धारित किया गया है। अब वे विभागीय अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।

EOW के पूरक चालान में आया नाम

शराब घोटाले की जांच EOW-ACB द्वारा की जा रही है। एजेंसी ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) से मिले प्रतिवेदन के आधार पर 17 जनवरी 2024 को एफआईआर दर्ज की थी। जांच में कथित अवैध कमीशन वसूली, सरकारी शराब दुकानों से बिना हिसाब-किताब देसी शराब की बिक्री और कथित सिंडिकेट के जरिए बाजार में हिस्सेदारी तय करने जैसे आरोपों की पड़ताल की जा रही है।

मामले में कई वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य लोगों को आरोपी बनाया जा चुका है। अब पूरक चालान में आशीष श्रीवास्तव का नाम शामिल किए जाने के बाद सरकार ने विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की है।

घोटाले के दौरान डिप्टी कमिश्नर थे आशीष श्रीवास्तव

बताया गया है कि कथित शराब घोटाले की अवधि के दौरान आशीष श्रीवास्तव आबकारी विभाग में डिप्टी कमिश्नर के पद पर कार्यरत थे। शुरुआती जांच में उनका नाम सामने नहीं आया था, लेकिन आगे की जांच के दौरान EOW ने उपलब्ध तथ्यों और जांच के आधार पर उन्हें पूरक चालान में शामिल किया।

इस मामले में इससे पहले भी आबकारी विभाग के कुछ अधिकारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई हो चुकी है। अब आशीष श्रीवास्तव के निलंबन के बाद शराब घोटाले की जांच एक बार फिर चर्चा में है।