#प्रदेश

Rajnandgaon News: AK-47 से हर्ष फायरिंग पर घिरीं SP अंकिता शर्मा, IG ने मांगा स्पष्टीकरण

Advertisement Carousel

राजनांदगांव। विजयादशमी के अवसर पर राजनांदगांव पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन के दौरान पुलिस अधीक्षक (SP) अंकिता शर्मा की ओर से की गई हर्ष फायरिंग अब चर्चा में है। साड़ी पहनकर AK-47 से हर्ष फायरिंग के वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद विशेषज्ञों की ओर से इसकी तकनीक और पुलिस के शस्त्र नियमों को लेकर सवाल उठाए गए। मामले को पुलिस मुख्यालय ने गंभीरता से लिया है। अब राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय यादव ने एसपी अंकिता शर्मा से स्पष्टीकरण मांगा है।

विजयादशमी पर हुआ था शस्त्र पूजन

विजयादशमी के अवसर पर राजनांदगांव शहर स्थित पुलिस लाइन के रक्षित केंद्र में पुलिस की वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में पुलिस के आला अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस के हथियारों की पूजा कर मां दुर्गा से बुराई के खात्मे और आम लोगों की सुरक्षा के लिए शक्ति प्रदान करने की कामना की गई।

शस्त्र पूजन के बाद एसपी अंकिता शर्मा ने साड़ी पहनकर AK-47 से हर्ष फायरिंग की थी। इसका वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया और विभिन्न माध्यमों में इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई।

पुलिस मुख्यालय ने लिया संज्ञान

राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय यादव ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में भी आया है और पुलिस मुख्यालय ने इसे गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि विजयादशमी पर पुलिस विभाग की ओर से सभी जिलों में परंपरागत रूप से शस्त्र पूजन किया जाता है।

आईजी के मुताबिक, राजनांदगांव एसपी द्वारा की गई हर्ष फायरिंग को लेकर मीडिया में हुई टिप्पणियों के बाद पुलिस मुख्यालय की ओर से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

शस्त्र नियम और पुलिस की गरिमा को लेकर मांगा जवाब

आईजी अजय यादव ने बताया कि पुलिस अधीक्षक से यह स्पष्टीकरण मांगा गया है कि हर्ष फायरिंग पुलिस के शस्त्र संबंधी नियमों के अनुरूप थी या नहीं। साथ ही, पुलिस की गरिमा को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर भी जवाब मांगा गया है।

उन्होंने कहा कि एसपी का स्पष्टीकरण प्राप्त होने के बाद उस पर उनकी टिप्पणी के साथ प्रकरण पुलिस मुख्यालय भेजा जाएगा। इसके बाद पुलिस मुख्यालय की ओर से दिए जाने वाले निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।