#प्रदेश

महासमुंद में भीषण सड़क हादसा: 16 चक्का ट्रक में पीछे से घुसी कार, 2 महिलाओं की मौत, 3 गंभीर घायल

Advertisement Carousel

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में नेशनल हाईवे-53 पर शुक्रवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। ओडिशा के संबलपुर से लौट रही एक तेज रफ्तार कार बावनकेरा चौक के पास 16 चक्का ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना पटेवा थाना क्षेत्र की है।

शादी समारोह से लौट रहे थे कार सवार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में पांच लोग सवार थे, जो ओडिशा के संबलपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर बावनकेरा चौक के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे 16 चक्का ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव ले जाया गया।

दो महिलाओं की मौत, तीन घायल रेफर

अस्पताल में डॉक्टरों ने दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी लोग राजनांदगांव जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हालांकि, मृतकों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

पुलिस ने मृतकों के शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान करने में जुटी है।