रायपुर: कालीबाड़ी मातृ-शिशु अस्पताल के 3 ऑपरेशन थिएटर होंगे अपग्रेड, 3 महीने तक पंडरी में होंगे ऑपरेशन

रायपुर। राजधानी रायपुर के कालीबाड़ी स्थित मातृ एवं शिशु चिकित्सालय के तीन ऑपरेशन थिएटर का उन्नयन किया जाएगा। इसके लिए 16 नवंबर 2026 से काम शुरू होगा। उन्नयन कार्य पूरा होने में करीब तीन महीने लगने का अनुमान है। इस दौरान कालीबाड़ी अस्पताल में ऑपरेशन की सुविधा अस्थायी रूप से बंद रहेगी। मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने वैकल्पिक व्यवस्था की है।
जिला अस्पताल पंडरी में होंगे ऑपरेशन
ऑपरेशन थिएटर के उन्नयन के दौरान कालीबाड़ी मातृ एवं शिशु चिकित्सालय में होने वाले ऑपरेशन जिला अस्पताल पंडरी में किए जाएंगे। इसके लिए पंडरी अस्पताल में आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं, ताकि मरीजों को इलाज के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। ऑपरेशन की सुविधा के लिए मरीजों को निर्धारित वैकल्पिक अस्पताल जाना होगा।
सामान्य प्रसव और ओपीडी सेवाएं रहेंगी जारी
उन्नयन कार्य के दौरान कालीबाड़ी अस्पताल में सामान्य प्रसव, ओपीडी और वार्ड की सेवाएं पहले की तरह जारी रहेंगी। इन सुविधाओं के लिए मरीजों को दूसरे अस्पताल जाने की जरूरत नहीं होगी। केवल ऑपरेशन की सुविधा अस्थायी रूप से जिला अस्पताल पंडरी में उपलब्ध रहेगी।
हर महीने 300 से अधिक ऑपरेशन से होते हैं प्रसव
कालीबाड़ी स्थित मातृ एवं शिशु चिकित्सालय में हर महीने 300 से अधिक प्रसव ऑपरेशन के जरिए कराए जाते हैं। ऐसे में तीन ऑपरेशन थिएटर का उन्नयन अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। काम पूरा होने के बाद ऑपरेशन थिएटर की सुविधाओं में सुधार होने और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिलने की उम्मीद है।





