#प्रदेश

आंध्र प्रदेश में बड़ा हादसा: सड़क निर्माण स्थल पर भीषण आग, 5 मजदूरों की मौत; डंपर में डीजल भरते समय हादसे की आशंका

Advertisement Carousel

अल्लूरी सीताराम। आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में सड़क निर्माण स्थल पर आग लगने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसा डंपर ट्रक में ईंधन भरने के दौरान हुआ हो सकता है। पुलिस ने शनिवार को घटना की पुष्टि की। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पिनाकोटा गांव में हुआ हादसा

पुलिस अधीक्षक अमित बरदार के अनुसार, घटना अनंतगिरी मंडल के पिनाकोटा गांव में हुई। यह स्थान मुख्य इलाके से करीब 100 किलोमीटर दूर है। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण सड़क निर्माण कार्य में लगे मजदूर अक्सर वाहनों में ईंधन भरने के लिए ड्रमों में डीजल लेकर आते हैं।

डीजल भरते समय चिंगारी से आग लगने की आशंका

पुलिस को आशंका है कि डंपर की टंकी में डीजल भरते समय सावधानी में कमी के कारण आग लगी होगी। किसी चिंगारी से आग भड़कने की संभावना भी जताई गई है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

पुलिस अधीक्षक अमित बरदार ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि यह विस्फोट की घटना नहीं थी, बल्कि दुर्घटनावश लगी आग थी। उन्होंने कहा कि अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

जांच के लिए पुलिस की टीमें मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। जांच के लिए एक अन्य टीम के भी मौके पर पहुंचने की उम्मीद है। पुलिस हादसे के कारणों और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है।