#प्रदेश

छत्तीसगढ़ में जहरीली शराब का शक! पार्षद समेत दो की मौत, तीसरे की हालत बिगड़ी

Advertisement Carousel

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शराब पीने के बाद पार्षद समेत दो लोगों की मौत का मामला सामने आया है। दोनों की तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं, शराब पीने वाले एक अन्य युवक का इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। शराब में जहरीला पदार्थ मिले होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।

चार दोस्तों ने साथ बैठकर पी थी शराब

मामला पामगढ़ नगर पंचायत का है। मृतकों की पहचान बीएसपी पार्षद राम खिलावन जांगड़े और जोहित खरे के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 10 बजे दोनों ने पुराना अस्पताल पामगढ़ परिसर में अपने दो अन्य साथियों के साथ शराब पी थी। कुछ देर बाद चार में से तीन लोगों की तबीयत बिगड़ गई।

सिम्स और अपोलो अस्पताल में तोड़ा दम

तबीयत बिगड़ने पर राम खिलावन जांगड़े और जोहित खरे को पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बिलासपुर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान राम खिलावन जांगड़े की सिम्स में, जबकि जोहित खरे की अपोलो अस्पताल में मौत हो गई।

वहीं, तीसरे युवक को पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

शराब में जहरीला पदार्थ मिलाए जाने की आशंका

दो लोगों की मौत के बाद शराब में जहरीला पदार्थ होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।