#प्रदेश

आंध्र प्रदेश में सड़क निर्माण के दौरान भीषण विस्फोट, 5 की मौत; जिलेटिन की छड़ों से जुड़े उपकरण में हुआ धमाका

Advertisement Carousel

जगदलपुर। आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू (ASR) जिले में शनिवार सुबह सड़क निर्माण कार्य के दौरान हुए भीषण विस्फोट में पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा अनंतगिरि मंडल के पिनाकोटा में हुआ। मृतकों में एक चालक और चार मजदूर शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण के दौरान जिलेटिन की छड़ों से जुड़े विस्फोटक उपकरण में अचानक धमाका हो गया।

धमाका इतना तेज कि दो वाहन क्षतिग्रस्त

जानकारी के मुताबिक, सड़क निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दो वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में मौके पर ही पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में विस्फोटक उपकरण में धमाका होने की बात सामने आई है, लेकिन यह किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी स्पष्ट वजह जांच के बाद ही सामने आएगी।

हादसे के बाद इलाके में शोक

भीषण हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस और प्रशासन की ओर से घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। विस्फोटक उपकरण की हैंडलिंग और दुर्घटना की परिस्थितियों को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।