टाइगर श्रॉफ पर हमले की साजिश का इंदौर कनेक्शन! प्रांजल हिरासत में, अब तक 11 आरोपी गिरफ्तार

इंदौर/मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग कर हत्या की कोशिश के मामले में जांच का दायरा बढ़ता जा रहा है। इस मामले के तार अब मध्य प्रदेश के इंदौर से जुड़ गए हैं। इंदौर क्राइम ब्रांच ने प्रांजल नाम के एक युवक को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि वह हमले की साजिश में शामिल था। मुंबई क्राइम ब्रांच से मिली जानकारी के आधार पर इंदौर पुलिस ने यह कार्रवाई की। फिलहाल युवक से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
टाइगर श्रॉफ पर हमले के मामले में अब तक 11 गिरफ्तार
मुंबई के डीसीपी राज तिलक रौशन ने शनिवार को बताया कि इस गिरफ्तारी के साथ मामले में अब तक कुल 11 आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हमले की योजना किसने बनाई और इसमें कौन-कौन शामिल था।
बिश्नोई गैंग पर गंभीर आरोप, आर्थिक लाभ और दहशत फैलाना था मकसद
क्राइम ब्रांच ने अदालत में दाखिल रिमांड अर्जी में हमले के पीछे की कथित मंशा का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने के पीछे बिश्नोई गैंग का उद्देश्य आर्थिक लाभ कमाना, अपना दबदबा कायम करना और लोगों में भय पैदा करना था। ये आरोप पुलिस की जांच और अदालत में पेश की गई रिमांड अर्जी पर आधारित हैं।
सलमान खान और रोहित शेट्टी के मामलों से भी जोड़ा गया कनेक्शन
पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी जतिन पंचाल, समीर खत्री और अंकित खटक की हिरासत बढ़ाने की मांग की थी। रिमांड अर्जी में पुलिस ने दावा किया कि टाइगर श्रॉफ पर हमला भी दहशत फैलाने की कथित रणनीति का हिस्सा था। पुलिस ने इस सिलसिले में सलमान खान पर फायरिंग, बाबा सिद्दीकी की हत्या और फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर गोलीबारी के मामलों का भी उल्लेख किया है।
वारदात से पहले अन्य प्रभावशाली लोगों के घरों की रेकी का दावा
अदालत में दाखिल रिमांड अर्जी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने कथित तौर पर वारदात से पहले मुंबई में कुछ अन्य प्रभावशाली लोगों के घरों की भी रेकी की थी। पुलिस का यह भी दावा है कि हमले को अंजाम देने के बाद आरोपियों की विदेश भागने की योजना थी।
फिलहाल पुलिस मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। इंदौर में हिरासत में लिए गए प्रांजल से पूछताछ के बाद साजिश में उसकी कथित भूमिका और अन्य आरोपियों के साथ उसके संपर्कों को लेकर और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।




