#प्रदेश

छत्तीसगढ़ पहुंचीं भाजपा प्रभारी स्मृति ईरानी, एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत; प्रदेश कार्यालय में CM साय ने की मुलाकात

Advertisement Carousel

 

रायपुर। भाजपा की छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी नियुक्त होने के बाद स्मृति ईरानी रविवार को पहली बार छत्तीसगढ़ पहुंचीं। रायपुर एयरपोर्ट पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक राजेश मूणत और महापौर मीनल चौबे ने उनका स्वागत किया। इसके बाद स्मृति ईरानी सीधे भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचीं, जहां मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनसे मुलाकात कर स्वागत किया।

दो दिवसीय दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह

स्मृति ईरानी के दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस बार उनके स्वागत में राजधानी में होर्डिंग और बैनर लगाने से परहेज किया गया है। हालांकि, शहर में जगह-जगह भाजपा के झंडे नजर आ रहे हैं।

भाजपा के किसी बड़े नेता के दौरे के दौरान स्वागत के लिए बैनर-पोस्टर नहीं लगाए जाने को लेकर भी चर्चा है। वहीं, भाजयुमो की ओर से प्रस्तावित बाइक रैली को देर रात रद्द कर दिया गया।

बृजमोहन अग्रवाल बोले- स्मृति ईरानी के नेतृत्व में भाजपा होगी मजबूत

स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ पहुंचने पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार मिलकर बेहतर तरीके से काम करेंगे।

स्वागत में पोस्टर-बैनर नहीं लगाए जाने के सवाल पर अग्रवाल ने कहा कि चुनाव लड़ने वाले नेताओं के पोस्टर लगाए जाते हैं, जबकि संगठन के कार्यकर्ताओं को पोस्टर लगाने की प्रतिस्पर्धा में उलझने के बजाय संगठन को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए।

लक्ष्मी वर्मा ने कहा- आज होंगी कई अहम बैठकें

राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि स्मृति ईरानी रायपुर पहुंच चुकी हैं। उनके दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण बैठकें होंगी। उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में भाजपा कार्यकर्ता और मजबूती के साथ काम करेंगे।