#प्रदेश

Baloda Bazar Road Accident: खड़े ट्रक में जा घुसी तेज रफ्तार बस, 3 यात्रियों की मौत; 10 घायल, मचा हड़कंप

Advertisement Carousel

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर दरचुरा के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

सुबह 5:30 बजे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, रॉयल ट्रेवल्स की बस CG 04 NM 0859 सोमवार तड़के अंबिकापुर से यात्रियों को लेकर रायपुर के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 22 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि ज्यादातर यात्री उस समय नींद में थे। सुबह करीब 5:30 बजे दरचुरा के पास बस अचानक सड़क पर खड़े ट्रक में जा घुसी।

हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 8 से 10 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

टक्कर के बाद बस में मची अफरा-तफरी

भीषण टक्कर के बाद बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस के अंदर यात्रियों का सामान बिखर गया और कई लोग गंभीर रूप से घायल अवस्था में फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 और सिमगा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस और राहत दल ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल उपचार के लिए सिमगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस

हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायलों की स्थिति को देखते हुए उनकी पहचान और परिजनों से संपर्क की प्रक्रिया भी जारी है।

ड्राइवर की झपकी या कोई और वजह? जांच जारी

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर यह सवाल उठ रहा है कि कहीं लंबी दूरी तय करने के दौरान बस चालक को झपकी आने से तो हादसा नहीं हुआ। हालांकि, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सड़क पर खड़े ट्रक में पर्याप्त रिफ्लेक्टर और अन्य सुरक्षा संकेतक लगे थे या नहीं। हादसे से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

यातायात सुचारु कराने में जुटी पुलिस

हादसे के बाद हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर किनारे करने में जुटी है, ताकि हाईवे पर आवाजाही सामान्य हो सके। पुलिस हादसे की विस्तृत जांच कर रही है।

Baloda Bazar Road Accident: खड़े ट्रक में जा घुसी तेज रफ्तार बस, 3 यात्रियों की मौत; 10 घायल, मचा हड़कंप

Aaj Ka Rashifal 26 October 2026: मेष