CG News : गोबरा नवापारा में नाली में मिला भ्रूण, अस्पताल के सामने मिलने से मचा हड़कंप

अभनपुर। रायपुर जिले के गोबरा नवापारा में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वार्ड क्रमांक 7 में रेलवे स्टेशन रोड स्थित आयुष्मान अस्पताल के सामने नाली में एक भ्रूण मिला। स्थानीय लोगों की नजर नाली में पड़े भ्रूण पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि गर्भपात के बाद भ्रूण को नाली में फेंका गया होगा। हालांकि, इस बात की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अस्पतालों से जुटाई जा रही जानकारी, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास के अस्पतालों से जानकारी जुटा रही है। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि भ्रूण को वहां फेंकने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके।
निजी अस्पताल के सामने भ्रूण मिलने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।





