#प्रदेश

राज्योत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे अमित शाह, 3 नवंबर को रायपुर पहुंचेंगे केंद्रीय गृहमंत्री

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्योत्सव 2026 के समापन समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के शामिल होने का कार्यक्रम तय हो गया है। अमित शाह 3 नवंबर को रायपुर पहुंचेंगे और राज्योत्सव के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। इस दौरान वे रायपुर में एक निजी अस्पताल का उद्घाटन भी करेंगे।

दोपहर 3 बजे रायपुर पहुंचेंगे अमित शाह

जारी कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 3 नवंबर को दोपहर 3 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे रायपुर में एक निजी अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक वे राज्योत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अमित शाह वापस दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

‘नक्सल मुक्त राज्य’ है राज्योत्सव की थीम

इस बार छत्तीसगढ़ राज्योत्सव की थीम ‘नक्सल मुक्त राज्य’ रखी गई है। ऐसे समय में राज्योत्सव के समापन समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अमित शाह ने देश और छत्तीसगढ़ समेत नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को नक्सलवाद से मुक्त करने के लिए समयसीमा तय करने की बात कही थी। सरकार की ओर से नक्सल उन्मूलन की दिशा में हासिल की गई प्रगति के बीच उनका राज्योत्सव में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होना राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।

स्थानीय कलाकारों को मिलेगा बड़ा मंच

संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि राज्योत्सव के सांस्कृतिक मंच पर छत्तीसगढ़ के स्थानीय कलाकारों और लोक नर्तकों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। इसका उद्देश्य प्रदेश की स्थानीय और जमीनी प्रतिभाओं को बड़े मंच पर अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर देना है।

मंत्री ने बताया कि जनता और युवाओं की मांग को ध्यान में रखते हुए देश के तीन चर्चित बाहरी कलाकारों को भी राज्योत्सव में आमंत्रित किया गया है। इस तरह राज्योत्सव में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति के साथ देश के लोकप्रिय कलाकारों की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।