CG Crime: जगदलपुर में कपड़ा शोरूम की छत पर युवती का शव फंदे से लटका मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

जगदलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बाफना लाइफस्टाइल कपड़ा शोरूम में काम करने वाली एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती का शव शोरूम की छत पर फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान दीपा सागर के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए कई गंभीर सवाल उठाए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
21 अक्टूबर से शोरूम में कर रही थी काम
परिजनों के अनुसार, दीपा सागर 21 अक्टूबर से शोरूम में काम कर रही थी। घटना से एक दिन पहले शाम करीब 6 बजे से उसका कोई पता नहीं चल रहा था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश करते हुए शोरूम पहुंचे। काफी देर तक तलाश करने के बावजूद उन्हें दीपा के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।परिजनों ने शोरूम प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।
CCTV फुटेज को लेकर परिजनों ने उठाए सवाल
परिजनों का आरोप है कि दीपा के लापता होने के बाद उन्होंने शोरूम में लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखने की मांग की, लेकिन उन्हें तत्काल फुटेज नहीं दिखाई गई। बाद में जब युवती का शव मिला तो परिजनों ने उसके शरीर पर चोट और नाखून के निशान होने का दावा किया।
इन परिस्थितियों के आधार पर परिजन इसे सामान्य आत्महत्या मानने से इनकार कर रहे हैं और हत्या की आशंका जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, CCTV और CDR की जांच
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने FSL और फोटोग्राफर टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।
पुलिस शोरूम में लगे CCTV फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की भी जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत की वास्तविक परिस्थितियों को लेकर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
फिलहाल पुलिस आत्महत्या, हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों से ही इस संदिग्ध मौत की असली वजह स्पष्ट होगी।





