CG Politics: जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ को बड़ा झटका, मुख्य प्रवक्ता भगवानू नायक ने दिया इस्तीफा

रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और अधिवक्ता भगवानू नायक ने अपने पद के साथ-साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र पार्टी सुप्रीमो डॉ. रेणु जोगी को सौंप दिया है।
निजी कारणों का दिया हवाला
भगवानू नायक ने अपने इस्तीफे में कहा है कि वह स्वेच्छा से मुख्य प्रवक्ता के पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे रहे हैं। उन्होंने इस्तीफे के पीछे निजी कारणों का हवाला देते हुए कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में उनके लिए पार्टी को अपेक्षित समय देना संभव नहीं हो पा रहा है।
अजीत जोगी के साथ बिताए समय को बताया महत्वपूर्ण अध्याय
अपने त्यागपत्र में भगवानू नायक ने छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री एवं जनता कांग्रेस के संस्थापक स्वर्गीय अजीत जोगी के साथ बिताए समय को अपने सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन का महत्वपूर्ण अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि अजीत जोगी के सानिध्य में उन्हें राजनीति, जनसेवा और छत्तीसगढ़ के हितों के लिए आवाज उठाने की सीख मिली।
अमित जोगी के प्रति जताया आभार
भगवानू नायक ने पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष अमित जोगी के प्रति भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अमित जोगी ने उन्हें छोटे भाई की तरह सम्मान, सहयोग और विश्वास दिया। नायक ने स्पष्ट किया कि पार्टी के पद और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के बावजूद जोगी परिवार के प्रति उनका सम्मान और व्यक्तिगत संबंध पहले की तरह बने रहेंगे।
कार्यकर्ताओं और जनता का जताया आभार
भगवानू नायक ने पार्टी कार्यकर्ताओं, मीडिया जगत और छत्तीसगढ़ की जनता से मिले सहयोग एवं सम्मान के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने बिना किसी कटुता, शिकायत या व्यक्तिगत मतभेद के पार्टी से इस्तीफा दिया है।
उनके इस्तीफे के बाद जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) की राजनीतिक गतिविधियों और संगठन पर इसका क्या असर पड़ेगा, इसे लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।





