Oman News: ओमान के तट के पास भारतीय जहाज पर हवाई हमला, गुजरात के नाविक की मौत; 13 भारतीयों को बचाया गया

नई दिल्ली। ओमान के तट के पास भारतीय मालवाहक जहाज एमएसवी अल जुसुफी को 2 नवंबर को एक अज्ञात हवाई वस्तु ने निशाना बनाया। जहाज पर 14 भारतीय नाविक सवार थे। इस घटना में 13 नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि गुजरात के रहने वाले नाविक गांधार नाहीम अजीज की मौत हो गई। केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने घटना पर दुख जताया है।
ओमान के तट के पास भारतीय जहाज को बनाया गया निशाना
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि 2 नवंबर को भारतीय मालवाहक जहाज एमएसवी अल जुसुफी ओमान के तट के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात हवाई वस्तु ने जहाज को निशाना बनाया।
जहाज पर कुल 14 भारतीय नाविक सवार थे। घटना के बाद ओमान के तटरक्षक बल ने 13 नाविकों को सुरक्षित बचा लिया। वहीं, गुजरात निवासी गांधार नाहीम अजीज को चोटें आई थीं। बाद में उनकी मौत हो गई।
सर्बानंद सोनोवाल ने जताया दुख
केंद्रीय मंत्री ने नाविक की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं मृतक के परिवार और करीबियों के साथ हैं। एक भारतीय नाविक को खोना बेहद दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई।
भारत सरकार और भारतीय दूतावास कर रहे मदद
केंद्रीय मंत्री के मुताबिक, जहाज पर सवार नाविकों की सहायता के लिए बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय और ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं। दोनों मिलकर सुरक्षित बचे 13 नाविकों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने में जुटे हैं।
कब होगी नाविकों की भारत वापसी?
सरकार की कोशिश है कि सुरक्षित बचे सभी 13 नाविकों की जल्द से जल्द भारत वापसी सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही मृतक नाविक के पार्थिव शरीर को भी भारत लाने की व्यवस्था की जा रही है। इस पूरी प्रक्रिया के लिए भारतीय दूतावास और मंत्रालय स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर रहे हैं।




