#प्रदेश

छत्तीसगढ़ बनेगा फिल्म शूटिंग का बड़ा केंद्र, चित्रोत्पला फिल्म सिटी को लेकर तेज हुई तैयारी; स्थानीय युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर

Advertisement Carousel

रायपुर: छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की तैयारी तेज हो गई है। प्रदेश में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने पहल शुरू की है। इसी सिलसिले में मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इसमें प्रदेश की मौजूदा फिल्म नीति को अधिक प्रभावी बनाने और बहुप्रतीक्षित चित्रोत्पला फिल्म सिटी के प्रस्ताव को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।

फिल्म शूटिंग के लिए नए स्थलों की होगी पहचान

मुख्य सचिव विकासशील ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध पर्यटन स्थलों के कारण फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं। जरूरत इन खूबियों को देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेशभर में फिल्म शूटिंग के लिहाज से उपयुक्त नए स्थलों की पहचान कर उन्हें विकसित और प्रोत्साहित किया जाए।

चित्रोत्पला फिल्म सिटी और फिल्म नीति पर फोकस

बैठक में राज्य की मौजूदा फिल्म नीति को अधिक व्यावहारिक और प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही चित्रोत्पला फिल्म सिटी के प्रस्ताव और उसकी संभावनाओं को मूर्त रूप देने पर भी चर्चा हुई। सरकार का उद्देश्य फिल्म निर्माताओं के लिए शूटिंग की अनुमति और अन्य प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और आकर्षक बनाना है, ताकि अधिक से अधिक प्रोडक्शन हाउस छत्तीसगढ़ में शूटिंग के लिए आएं।

स्थानीय कलाकारों और युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के रास्ते

फिल्म निर्माण गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से पर्यटन के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। इससे कलाकारों, तकनीशियनों, होटल उद्योग और युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलने की उम्मीद है।

बैठक में निफ्टेम के प्रस्तावित भ्रमण तथा खाद्य प्रसंस्करण (फूड प्रोसेसिंग) के क्षेत्र में तकनीकी सुविधाओं और प्रशिक्षण के विस्तार पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव रजत कुमार, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव अमित कटारिया, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ की प्रबंध संचालक संजीता गुप्ता और वाणिज्य एवं उद्योग विभाग की उप सचिव आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।