#प्रदेश

धरमजयगढ़ में कल जनजातीय गौरव सम्मेलन, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन होंगे शामिल

Advertisement Carousel

० रायगढ़ के दशहरा मैदान में होगा आयोजन, भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय अस्मिता और विरासत पर रहेगा फोकस

रायपुर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल होंगे। दशहरा मैदान में सुबह 10:30 बजे से आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में जनजातीय समाज के ऐतिहासिक संघर्ष, सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान को रेखांकित किया जाएगा।

देशभर में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है। केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में इसकी शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान देने के उद्देश्य से की थी। इसके माध्यम से जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को राष्ट्रीय स्मृति में स्थान देने की पहल की गई।

भगवान बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश शासन और शोषणकारी व्यवस्था के विरुद्ध जनजातीय समाज को संगठित कर उलगुलान का नेतृत्व किया था। उनका संघर्ष आदिवासी स्वाभिमान, अधिकारों और स्वतंत्रता की चेतना का प्रतीक बन गया। भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में जनजातीय नायकों की भूमिका को सामने लाने में उनका योगदान विशेष महत्व रखता है।

छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति में बस्तर की गौरवशाली परंपराओं, सरगुजा की लोककलाओं, पारंपरिक नृत्य-संगीत, लोक उत्सवों और प्रकृति से जुड़ी जीवनशैली की विशिष्ट पहचान है। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर इन समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण, संवर्धन और जनजातीय समाज के ऐतिहासिक योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक पहचान देने पर विशेष जोर रहेगा।