#प्रदेश

मेघा में कल गूंजेगी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ की आवाज, जन चौपाल में होगा संवाद

Advertisement Carousel

० जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी नीलम चंद्राकर और मंडल प्रभारी राजेंद्र सोनी होंगे शामिल, मतदाता सूची और वोट चोरी के मुद्दे पर आमजन से करेंगे चर्चा

मगरलोड/मेघा। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा देशभर में चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत सोमवार, 16 नवंबर को ग्राम मेघा के बाजार चौक में दोपहर 3 बजे जन चौपाल एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से लोकतंत्र की मजबूती, मताधिकार की रक्षा और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता जैसे मुद्दों पर आम जनता से सीधा संवाद किया जाएगा।

जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी के निर्देशानुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मगरलोड के तत्वावधान में मेघा मंडल में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष श्रीमती तारिणी नीलम चंद्राकर मुख्य रूप से शामिल होंगी। वहीं मंडल प्रभारी एवं नगरी के पूर्व मंडी अध्यक्ष राजेंद्र सोनी की भी विशेष उपस्थिति रहेगी। इसके अलावा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कांग्रेसजन कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।

जन चौपाल में कथित वोट चोरी, मतदाता सूची में गड़बड़ी और मताधिकार से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी। कांग्रेस पदाधिकारी आम नागरिकों के विचार और सुझाव सुनेंगे तथा लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश देंगे।
कार्यक्रम में मंडल के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं, सेक्टर अध्यक्षों, पूर्व जिला पंचायत एवं जनपद सदस्यों, पूर्व पंच-सरपंचों, वर्तमान जनप्रतिनिधियों सहित सेवा दल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, आदिवासी कांग्रेस, किसान कांग्रेस एवं पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के पदाधिकारियों और सदस्यों को आमंत्रित किया गया है।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मगरलोड के अध्यक्ष विनीत बाफना, महामंत्री शंकर साहू एवं मेघा मंडल अध्यक्ष हेमंत साहू ने सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर जन चौपाल को सफल बनाने की अपील की है