CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में ठंड के बीच बारिश का अलर्ट, 19 नवंबर से बदलेगा मौसम; दक्षिण और उत्तर में बरसेंगे बादल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। सुबह और रात के समय गुलाबी ठंड महसूस हो रही है। लोग गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा लेने लगे हैं। हालांकि, आने वाले दिनों में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। प्रदेश में अगले चार दिनों बाद बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा संभावित चक्रवाती तूफान छत्तीसगढ़ के मौसम को प्रभावित कर सकता है।
बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान, छत्तीसगढ़ पर भी असर
मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना वायुमंडलीय अवदाब चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। इसके आगे गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप लेने की भी आशंका है। इस सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के दक्षिणी और उत्तरी हिस्सों में बारिश हो सकती है।
19 से 21 नवंबर तक बारिश के आसार
संभावित चक्रवाती तूफान के असर से दक्षिणी छत्तीसगढ़ में 19 नवंबर से बारिश का दौर शुरू हो सकता है। 19 से 21 नवंबर के बीच प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 20 नवंबर को दक्षिणी छत्तीसगढ़ और 21 नवंबर को उत्तरी हिस्सों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है।
छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य ओडिशा में भी मौसम बिगड़ने के आसार हैं। वहां 18 नवंबर से बारिश शुरू हो सकती है। तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ओडिशा सरकार ने सभी जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में फिलहाल मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, आज अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
दुर्ग में सबसे अधिक, अंबिकापुर में सबसे कम तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 15 नवंबर को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान प्रदेश में कहीं भी बारिश नहीं हुई।
धान खरीदी के बीच बारिश बढ़ा सकती है किसानों की चिंता
आने वाले चार दिनों में तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि, इसके बाद बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है। धान खरीदी के सीजन में संभावित बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खुले में रखे धान और खरीदी केंद्रों पर उपज की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता जरूरी होगी।




