छत्तीसगढ़ में IAS-IPS समेत अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों का DA बढ़ा, अब मिलेगा 63 फीसदी महंगाई भत्ता

रायपुरः छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश में पदस्थ अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों को बड़ी राहत दी है. राज्य शासन ने इन अधिकारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है. इसके बाद अब अधिकारियों को 60 प्रतिशत के स्थान पर 63 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिलेगा. बढ़ी हुई दर 1 जुलाई 2026 से लागू होगी. इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है.
केंद्र के आदेश के बाद राज्य सरकार का फैसला
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, केंद्रीय वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग ने 29 अक्टूबर 2026 को केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में वृद्धि का आदेश जारी किया था. इसके बाद अखिल भारतीय सेवाएं (महंगाई भत्ता) नियम, 1972 के प्रावधानों के तहत छत्तीसगढ़ में कार्यरत अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों के लिए भी महंगाई भत्ते की नई दर स्वीकृत की गई है.
1 जुलाई से मिलेगा बढ़ा हुआ DA
शासन के आदेश के अनुसार, बढ़े हुए महंगाई भत्ते का भुगतान 1 जुलाई 2026 से नकद किया जाएगा. इसकी गणना वेतन मैट्रिक्स में निर्धारित स्तर के तहत अधिकारियों को मिल रहे वेतन के आधार पर होगी. हालांकि, विशेष वेतन और व्यक्तिगत वेतन को महंगाई भत्ते की गणना में शामिल नहीं किया जाएगा.
बकाया राशि का भी होगा भुगतान
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि महंगाई भत्ते की बढ़ी हुई दर के अनुसार 1 जुलाई 2026 से अब तक की बकाया राशि का भुगतान भी संबंधित अधिकारियों को किया जाएगा. इसके लिए प्रत्येक अधिकारी के नाम अलग से व्यक्तिगत प्राधिकार पत्र जारी करने की जरूरत नहीं होगी. वेतन पर्चियों को ही इस आदेश के अनुरूप भुगतान के लिए प्राधिकृत माना जाएगा.
सभी विभागों को जारी किए गए निर्देश
सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी संबंधित विभागों, विभागाध्यक्षों, संभागीय आयुक्तों और कलेक्टरों को आदेश के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही संबंधित अधिकारियों का वेतन जारी करने वाले कार्यालयों को बढ़े हुए महंगाई भत्ते के भुगतान और उसके समायोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है.




