#प्रदेश

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में चक्रवात अकवान का असर, 20-21 नवंबर को बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

Advertisement Carousel

रायपुर: छत्तीसगढ़ में ठंड के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अकवान का असर प्रदेश के कई हिस्सों में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 18 से 23 नवंबर के बीच राज्य के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। वहीं, 20 और 21 नवंबर को प्रदेश के कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में 18 नवंबर को मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, शहर का अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। हालांकि, आने वाले दिनों में चक्रवात के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

अंबिकापुर में सबसे ज्यादा ठंड, दुर्ग रहा सबसे गर्म

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क बना रहा। इस दौरान दुर्ग में सबसे अधिक 31.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

आने वाले दिनों में चक्रवात अकवान के प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश और बादलों की वजह से तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

बंगाल की खाड़ी में तेजी से ताकतवर हो रहा चक्रवात अकवान

दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य हिस्से और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अकवान लगातार आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले छह घंटों के दौरान यह करीब 3 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है।

पूर्वानुमान के अनुसार, 17 नवंबर की शाम तक इसके प्रचंड चक्रवाती तूफान में बदलने और 19 नवंबर की सुबह तक अति प्रचंड चक्रवाती तूफान का रूप लेने की आशंका है। इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 20 नवंबर की दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और यनम के तट पर नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच पहुंच सकता है।

इस दौरान तूफान की निरंतर हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और झोंकों की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। चक्रवात के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में भी मौसम सक्रिय रहेगा और कई इलाकों में बारिश, तेज हवाओं तथा गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।