CG Board Exam 2027: 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा का टाइम टेबल जारी, 12 मार्च से शुरू होंगे एग्जाम

रायपुर: छत्तीसगढ़ में बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी मुख्य परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया है। घोषित कार्यक्रम के मुताबिक, 12वीं की परीक्षाएं 12 मार्च से शुरू होकर 8 अप्रैल तक चलेंगी, जबकि 10वीं की बोर्ड परीक्षा 13 मार्च से 5 अप्रैल 2027 तक आयोजित की जाएगी। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होंगी।
12 मार्च से शुरू होगी 12वीं की परीक्षा
माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, कक्षा 12वीं की शुरुआत 12 मार्च को हिंदी विषय की परीक्षा के साथ होगी। इसके बाद 15 मार्च को राजनीति विज्ञान, रसायन शास्त्र और लेखाशास्त्र समेत अन्य विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। 17 मार्च को संस्कृत और 19 मार्च को जीव विज्ञान, अर्थशास्त्र एवं अन्य विषयों का पेपर होगा।
वहीं, 24 मार्च को समाजशास्त्र, 29 मार्च को गणित, 31 मार्च को अंग्रेजी और 3 अप्रैल को इतिहास, व्यवसाय अध्ययन सहित विभिन्न विषयों की परीक्षा होगी। इसके बाद 5 अप्रैल को भूगोल और भौतिक शास्त्र, 6 अप्रैल को व्यावसायिक पाठ्यक्रमों, 7 अप्रैल को विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं और 8 अप्रैल को मनोविज्ञान का पेपर आयोजित किया जाएगा।
13 मार्च से 10वीं की बोर्ड परीक्षा
कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा 13 मार्च को तृतीय भाषा के पेपर से शुरू होगी। इसमें संस्कृत, मराठी, उर्दू, पंजाबी, सिंधी, बंगाली, गुजराती, तेलुगु, तमिल, मलयालम, कन्नड़ और उड़िया भाषाएं शामिल हैं।
इसके बाद 16 मार्च को अंग्रेजी, 18 मार्च को सामाजिक विज्ञान, 20 मार्च को विज्ञान, 25 मार्च को हिंदी और 30 मार्च को गणित की परीक्षा होगी। वहीं, 1 अप्रैल को विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। दृष्टिहीन विद्यार्थियों के लिए संगीत और मूक-बधिर विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग एवं पेंटिंग की परीक्षा 5 अप्रैल को होगी।
सुबह 9 बजे परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य
मंडल ने परीक्षा के समय और व्यवस्था को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके अनुसार, विद्यार्थियों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र में अपनी जगह लेनी होगी। सुबह 9:05 बजे उत्तरपुस्तिकाएं बांटी जाएंगी और 9:10 बजे प्रश्नपत्र वितरित किए जाएंगे। इसके बाद 9:15 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक विद्यार्थी उत्तर लिख सकेंगे।
आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकेंगे टाइम टेबल
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने शारीरिक प्रशिक्षण पत्रोपाधि परीक्षा 2027 के प्रथम और द्वितीय वर्ष का कार्यक्रम भी जारी किया है। मंडल ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर परीक्षा की तारीख और समय में बदलाव किया जा सकता है। हालांकि, परीक्षा अवधि के दौरान सार्वजनिक या स्थानीय अवकाश घोषित होने पर भी परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होंगी।
विद्यार्थी और अभिभावक बोर्ड परीक्षा का विस्तृत टाइम टेबल छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की आधिकारिक वेबसाइट www.cgbse.nic.in पर देख सकते हैं।





