#प्रदेश

Bihar Road Accident: अररिया में नदी में गिरी स्कॉर्पियो, छह लोगों की मौत; मृतकों में चार नाबालिग

Advertisement Carousel

अररिया: बिहार के अररिया जिले में बुधवार देर रात भीषण सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार छह लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए मरिया नदी में जा गिरी। हादसे में एक युवक को सुरक्षित बचा लिया गया। सभी मृतक सुपौल जिले के पीपरा क्षेत्र स्थित थुमहा गांव के रहने वाले थे। वे सिकटी के भपटीया में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया।

तीखे मोड़ पर बेकाबू हुई स्कॉर्पियो, पुल की रेलिंग तोड़ नदी में गिरी

जानकारी के अनुसार, सुपौल जिले के पीपरा क्षेत्र के थुमहा गांव के कुछ लोग सिकटी के भपटीया में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। बताया जा रहा है कि सभी लड़की पक्ष की ओर से समारोह में शामिल हुए थे। बुधवार देर रात वापस लौटने के दौरान ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल के पास तीखे मोड़ पर स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे मरिया नदी में जा गिरी।

ग्रामीणों ने रस्सी से बांधा वाहन, जेसीबी की मदद से निकाली स्कॉर्पियो

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने रस्सी की मदद से नदी में डूबी स्कॉर्पियो को बांधा। बाद में जेसीबी की मदद से वाहन को नदी से बाहर निकाला गया। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक को सुरक्षित बचा लिया गया।

मृतकों में चार नाबालिग, सभी सुपौल के थुमहा गांव के रहने वाले

इस भीषण हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 28 वर्षीय कुंदन यादव, 22 वर्षीय मुन्ना कुमार, 20 वर्षीय आदित्य, 16 वर्षीय यश कुमार, 15 वर्षीय आर्यन और 15 वर्षीय सौरभ के रूप में हुई है। सभी सुपौल जिले के थुमहा गांव के निवासी थे। मृतकों में चार नाबालिग भी शामिल हैं। हादसे में बचाए गए युवक की पहचान की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अररिया के एसपी जितेंद्र कुमार ने हादसे पर दुख जताया। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है।

एक साथ छह लोगों की मौत से सुपौल के थुमहा गांव में शोक की लहर है। जिस समारोह से लौटते समय परिवार और गांव के लोग खुशियां लेकर घर आ रहे थे, वहां अब मातम पसरा हुआ है।