रायपुर पहुंचे जीजस कॉल्स के अध्यक्ष डॉ. पॉल दिनाकरन, प्रार्थना सभा में दिया प्रेम और निस्वार्थ सेवा का संदेश

रायपुर। अंतरराष्ट्रीय संस्था जीजस कॉल्स मिनिस्ट्री के अध्यक्ष डॉ. पॉल दिनाकरन ने राजधानी रायपुर के श्यामनगर स्थित प्रेयर टॉवर में आयोजित विशेष प्रार्थना सभा में मसीही समाज को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विश्वास, प्रेम, क्षमा और निस्वार्थ सेवा को जीवन का आधार बनाने का संदेश दिया। उनके साथ करुण्या विश्वविद्यालय, चेन्नई के वाइस चेयरमैन सामुएल पॉल दिनाकरन और इंवेजलिन पॉल दिनाकरन भी मौजूद रहे। दोनों ने विशेष प्रार्थना में सहभागिता की।
इस अवसर पर डॉ. पॉल दिनाकरन ने जीजस कॉल्स छत्तीसगढ़ के दिवंगत प्रमुख डॉ. आशीष चौरसिया की पत्नी दयामणि मिंज और उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की तथा उन्हें सांत्वना दी।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ डायसिस की बिशप डॉ. सुषमा कुमार, पूर्व बिशप रॉबर्ट अली, इंडियन चर्च ट्रस्टी भिलाई के वाइस चेयरमैन बिशप डॉ. अर्नेस्ट मिल्टन लाल सहित विभिन्न मसीही संगठनों के प्रतिनिधि, पास्टर, बिशप और समाज के प्रमुख लोग शामिल हुए। अमित जोगी की भी विशेष उपस्थिति रही। छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फैलोशिप भिलाई-दुर्ग, यूनाइटेड पास्टर्स फैलोशिप, कैपिटल पास्टर्स फैलोशिप, पास्टर्स एंड लीडर्स एसोसिएशन, मेनोनाइट चर्च, रायपुर क्रिश्चियन चर्च और छत्तीसगढ़ इवेंजलिकल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
निस्वार्थ सेवा और विश्वास से आता है जीवन में बदलाव
सभा को संबोधित करते हुए डॉ. पॉल दिनाकरन ने कहा कि समाज में वास्तविक बदलाव तभी आता है, जब व्यक्ति अपने भीतर की बुरी आदतों और नकारात्मक विचारों को त्यागकर ईश्वर के प्रति विश्वासयोग्य बनता है। सेवा का उद्देश्य कभी दिखावा या स्वार्थ नहीं होना चाहिए। सच्चा सेवक वही है, जो दूसरों के दुखों को अपना समझकर निस्वार्थ भाव से उनकी सहायता करता है।
उन्होंने बाइबल के 1 पतरस 5:2-4 का उल्लेख करते हुए कहा कि जो लोग अपने समाज और जनसमूह के लिए समर्पित भाव से सेवा करते हैं और स्वयं दूसरों के सामने श्रेष्ठ उदाहरण प्रस्तुत करते हैं, वे ईश्वर की कृपा और महिमा के अधिकारी बनते हैं।
संकट के समय साथ खड़ा होना ही सच्चा भ्रातृभाव
डॉ. दिनाकरन ने रोमियों 8:29 और इब्रानियों 2:11 का उल्लेख करते हुए कहा कि सच्चा भाई और मित्र वही है, जो विपत्ति के समय अपनों और समाज के साथ मजबूती से खड़ा रहे। उन्होंने लोगों से अपने जीवन में प्रेम, क्षमा और आपसी सहयोग को महत्व देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जब परिवार के सदस्य एक-दूसरे के प्रति प्रेम और आभार व्यक्त करते हैं तथा प्रार्थना को जीवन का हिस्सा बनाते हैं, तो परिवार में शांति और सकारात्मकता का वातावरण बनता है। व्यक्ति को अपने जीवन से पाप, नकारात्मक स्वभाव और बुरी आदतों को छोड़कर सही मार्ग पर चलना चाहिए। ऐसा करने से दुख और निराशा दूर होती है तथा जीवन में आनंद और नई ऊर्जा का संचार होता है।
कार्यक्रम में बिशप डॉ. सुषमा कुमार, पास्टर राजेश गार्डिया, जॉन राजेश पॉल, पास्टर अनिल कुमार, पास्टर हरीश साहू और पास्टर किशोर के. सेनापति ने भी संबोधित किया। पास्टर आशीष गार्डिया ने विशेष प्रार्थना की। आराधना का संचालन क्षेत्रीय प्रबंधक नहेम्याह अब्राहम और प्रबंधक आशीष कुमार ने किया। इस दौरान एस्तर और लीजा ने भक्तिमय गीत प्रस्तुत किए।





