स्नैपचैट पर दोस्ती कर युवती ने बिछाया हनी ट्रैप का जाल, मिलने पहुंचे युवक को चाकू की नोक पर लूटा; 6 गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा: सोशल मीडिया पर दोस्ती कर युवक को मिलने के बहाने बुलाना और फिर चाकू की नोक पर लूटपाट करना एक गिरोह को भारी पड़ गया। जांजगीर-चांपा पुलिस ने हनी ट्रैप के जरिए लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक युवती समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 30 हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं।
स्नैपचैट पर हुई दोस्ती, मिलने के बहाने चांपा बुलाया
पुलिस के अनुसार, रायगढ़ जिले के रहने वाले प्रार्थी मनीष वर्मा की पहचान स्नैपचैट के जरिए रायगढ़ क्षेत्र की एक युवती से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होने लगी। इस दौरान युवती लगातार मनीष को मिलने के लिए चांपा बुला रही थी।
4 नवंबर को मनीष अपने एक दोस्त के साथ कार से युवती से मिलने चांपा पहुंचा। युवती के कहने पर उसने अपने दोस्त को मड़वा प्लांट के मुख्य द्वार पर छोड़ दिया और खुद उसके साथ आगे चला गया। इसी दौरान रात करीब 12:20 बजे मड़वा प्लांट के पास पांच युवक कार के पास पहुंचे और चाकू दिखाकर मनीष को बाहर निकाल लिया।
मारपीट कर 60 हजार रुपये और सोने की अंगूठी लूटी
आरोपियों ने मनीष के साथ हाथ-मुक्कों और बेल्ट से मारपीट की। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए उससे 60 हजार रुपये नकद और पहनी हुई सोने की अंगूठी लूटकर फरार हो गए। जांच में युवती की भी इस वारदात में आरोपियों के साथ मिलीभगत सामने आई।
युवती समेत छह आरोपी गिरफ्तार
घटना की शिकायत पर थाना कोतवाली जांजगीर में अपराध क्रमांक 917/2026 के तहत बीएनएस की धारा 115(2), 308(2), 111(1) और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और वारदात में शामिल युवती समेत सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित राठौर (21), निवासी पुरानी बस्ती वार्ड क्रमांक 12, जांजगीर; रवि झलरिया (24), निवासी हसदेव विहार कॉलोनी, जांजगीर; किशन कर्ष (21), निवासी ग्राम महुदा, थाना चांपा, हाल खडफड़ी पारा वार्ड क्रमांक 21, जांजगीर; कुनाल पाण्डेय (20), निवासी लिंक रोड शंकर विहार कॉलोनी, जांजगीर, हाल भोजपुर मिशन हॉस्पिटल, थाना चांपा; मुकेश कश्यप उर्फ छोटू (19), निवासी जोबी (जर्वे च), थाना जांजगीर और रायगढ़ जिले की एक युवती के रूप में हुई है।





