Nigeria Boat Accident: अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे लोगों की नाव पलटी, 24 की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

अबूजा। दक्षिण नाइजीरिया में एक दर्दनाक नाव हादसे में 24 लोगों की मौत हो गई। यात्रियों से भरी नाव अचानक पलटकर पानी में डूब गई। हादसे के बाद बचाव दल ने अभियान चलाकर अब तक 24 शव बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि नाव में सवार सभी लोग एक अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जा रहे थे। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
नाव हादसे में अब तक 24 शव बरामद
एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक, नेशनल इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी (NEMA) के प्रवक्ता मंजो एजेकिएल ने बताया कि घटनास्थल से अब तक 24 शव बरामद किए जा चुके हैं। हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया है। लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।
बिना लाइफ जैकेट नाव में सफर नहीं करने की अपील
हादसे के बाद बायलसा राज्य सरकार ने नाव संचालकों और यात्रियों से जल परिवहन के दौरान सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है।
राज्य की सूचना आयुक्त एबियुवो कोकू-ओबियाई ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि नावों में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने, तेज रफ्तार और लापरवाही से बचना जरूरी है। उन्होंने बिना लाइफ जैकेट के नाव में सफर नहीं करने की भी अपील की।
सरकार ने स्पष्ट किया कि सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना नाव संचालकों और यात्रियों दोनों की जिम्मेदारी है। फिलहाल बचाव अभियान जारी है और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियों का इंतजार किया जा रहा है।




