India-Nepal Relations: नेपाल को भारत की बड़ी सौगात, PM मोदी ने किया 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के पैकेज का ऐलान

नई दिल्ली। भारत ने नेपाल के पुनर्निर्माण और विकास को गति देने के लिए बड़ा आर्थिक सहयोग देने का ऐलान किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल को 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये का विकास सहयोग पैकेज देने की घोषणा की है। इस राशि का इस्तेमाल बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण और दीर्घकालीन विकास परियोजनाओं में किया जाएगा। सोमवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई। इसके बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त बयान जारी किया।
बाढ़ प्रभावित नेपाल की मदद के लिए भारत का बड़ा ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अगस्त में नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हुई जनहानि पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में भारत नेपाल के साथ मजबूती से खड़ा है।
पीएम मोदी ने कहा, “हम अगस्त में नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हुई जनहानि पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। आज नेपाल के पुनर्निर्माण और लंबे समय के विकास को नई ताकत देने के लिए हम 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा करते हैं।”
उन्होंने कहा कि इस आर्थिक सहायता का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित परिवारों का जीवन फिर से पटरी पर लाना, नए अवसर पैदा करना और भविष्य में प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की नेपाल की क्षमता को मजबूत करना है।
बालेंद्र शाह के नेतृत्व की PM मोदी ने की तारीफ
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की पहली द्विपक्षीय भारत यात्रा पर प्रधानमंत्री मोदी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने शाह के नेतृत्व और उनकी सोच की सराहना करते हुए कहा कि कुछ महीने पहले संयुक्त राष्ट्र में दुनिया के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में उनके संबोधन से उनकी स्पष्ट सोच की झलक मिली थी।
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले कुछ घंटों की बातचीत में भी उन्हें नेपाल के भविष्य और भारत-नेपाल संबंधों को लेकर बालेंद्र शाह की स्पष्ट सोच और प्रतिबद्धता महसूस हुई है।
उन्होंने आगे कहा कि इस साल नेपाल की जनता ने बालेंद्र शाह को जो ऐतिहासिक जनादेश दिया है, वह वहां की नई पीढ़ी की आकांक्षाओं और उम्मीदों को दर्शाता है।
भारत-नेपाल संबंधों को नई ऊंचाई देने पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों देशों के संबंध केवल पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनमें पारिवारिक जुड़ाव और अटूट विश्वास भी शामिल है।
उन्होंने कहा कि भारत हमेशा से एक मजबूत और समृद्ध नेपाल की विकास यात्रा में भागीदार रहा है। इसी भावना के साथ दोनों देशों ने आपसी संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले किए हैं।
भारत की ओर से घोषित 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये का विकास सहयोग पैकेज दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग और साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।




