नेपाल में 5.4 तीव्रता का भूकंप, भारत समेत 4 देशों में महसूस हुए झटके; असम और बंगाल भी हिले

रांची। नेपाल के कोशी प्रांत में मंगलवार सुबह आए 5.4 तीव्रता के भूकंप से भारत समेत कई देशों में धरती कांप उठी। सुबह करीब 7:02 बजे आए भूकंप के झटके भारत, भूटान और बांग्लादेश के कई इलाकों में महसूस किए गए। चीन से भी कंपन महसूस होने की खबरें सामने आई हैं। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र नेपाल के कोशी प्रांत में लेलेप के पास था और इसकी गहराई जमीन से करीब 20 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई।
भूकंप के झटकों के बाद कई इलाकों में लोग घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, शुरुआती जानकारी के मुताबिक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, भारत के पूर्वोत्तर राज्यों और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।
असम में सुबह 3:39 बजे आया 2.5 तीव्रता का भूकंप
नेपाल में आए भूकंप से पहले असम के कार्बी आंगलोंग जिले में भी मंगलवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, सुबह 3:39 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता 2.5 मापी गई। इसका केंद्र जमीन से 15 किलोमीटर नीचे था।
NCS के मुताबिक, भूकंप का केंद्र 25.743 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 93.355 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया।
उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार में भी कंपन
नेपाल में आए भूकंप के झटके पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्सों में भी महसूस किए गए। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार समेत कई इलाकों में सुबह करीब सात बजे धरती में कंपन महसूस होने की खबर सामने आई। झटके महसूस होते ही लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।
प्रभावित इलाकों में प्रशासन की ओर से स्थिति का आकलन किया जा रहा है, ताकि भूकंप से हुए संभावित नुकसान की जानकारी जुटाई जा सके। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
नेपाल में बार-बार क्यों आते हैं भूकंप?
नेपाल भूकंपीय दृष्टि से बेहद संवेदनशील हिमालयी क्षेत्र में स्थित है। इसकी प्रमुख वजह भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेटों के बीच लगातार होने वाली हलचल है। भारतीय प्लेट उत्तर की ओर बढ़ते हुए यूरेशियन प्लेट से टकराती है। इस भूगर्भीय गतिविधि के कारण हिमालयी क्षेत्र में तनाव जमा होता रहता है और ऊर्जा निकलने पर भूकंप आते हैं।
नेपाल के इतिहास का सबसे विनाशकारी भूकंप 25 अप्रैल 2015 को आया था। इसकी तीव्रता 7.8 मापी गई थी। इस आपदा में 9 हजार से अधिक लोगों की मौत हुई थी और लाखों इमारतें क्षतिग्रस्त हुई थीं।
क्यों आते हैं भूकंप और कैसे मापी जाती है तीव्रता?
पृथ्वी की बाहरी परत कई बड़ी और छोटी टेक्टोनिक प्लेटों में बंटी हुई है। ये प्लेटें लगातार गति करती रहती हैं। जब ये एक-दूसरे से टकराती हैं, दूर खिसकती हैं या आपस में रगड़ खाती हैं, तो इनके किनारों पर तनाव जमा होता है। तनाव अचानक मुक्त होने पर ऊर्जा भूकंपीय तरंगों के रूप में बाहर निकलती है, जिससे धरती में कंपन पैदा होता है।
भूकंप का परिमाण मापने के लिए आधुनिक विज्ञान में मोमेंट मैग्नीट्यूड स्केल (Mw) का इस्तेमाल किया जाता है। पहले रिक्टर स्केल का व्यापक उपयोग होता था। वहीं, भूकंप के दौरान किसी स्थान पर महसूस किए गए कंपन और नुकसान के प्रभाव को मापने के लिए अलग-अलग तीव्रता पैमानों का इस्तेमाल किया जाता है।





