दिसंबर 2026 व्रत-त्योहार: काल भैरव अष्टमी से होगी महीने की शुरुआत, जानें एकादशी, गीता जयंती और क्रिसमस समेत पूरे महीने के त्योहारों की तारीख

साल 2026 का आखिरी महीना दिसंबर धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से बेहद खास रहने वाला है। इस महीने कई प्रमुख व्रत और त्योहार मनाए जाएंगे। दिसंबर की शुरुआत काल भैरव अष्टमी से होगी, जबकि उत्पन्ना एकादशी, मोक्षदा एकादशी, गीता जयंती, प्रदोष व्रत और मासिक शिवरात्रि जैसे महत्वपूर्ण पर्व भी पड़ेंगे। इसके अलावा मार्गशीर्ष पूर्णिमा के दिन दत्तात्रेय जयंती और 25 दिसंबर को क्रिसमस मनाया जाएगा। वहीं, साल के आखिरी दिन 31 दिसंबर को रुक्मिणी अष्टमी का पर्व होगा। आइए जानते हैं दिसंबर 2026 में पड़ने वाले सभी व्रत-त्योहारों की तारीख और उनका धार्मिक महत्व।
दिसंबर 2026 व्रत-त्योहारों की पूरी लिस्ट
| व्रत-त्योहार | तारीख और दिन |
|---|---|
| काल भैरव अष्टमी | 1 दिसंबर, मंगलवार |
| उत्पन्ना एकादशी | 4 दिसंबर, शुक्रवार |
| रवि प्रदोष व्रत | 6 दिसंबर, रविवार |
| मासिक शिवरात्रि | 7 दिसंबर, सोमवार |
| मार्गशीर्ष अमावस्या | 8 दिसंबर, मंगलवार |
| मोक्षदा एकादशी | 20 दिसंबर, रविवार |
| श्रीमद्भगवद्गीता जयंती | 20 दिसंबर, रविवार |
| सोम प्रदोष व्रत | 21 दिसंबर, सोमवार |
| मार्गशीर्ष पूर्णिमा | 23 दिसंबर, बुधवार |
| दत्तात्रेय जयंती | 23 दिसंबर, बुधवार |
| क्रिसमस डे | 25 दिसंबर, शुक्रवार |
| रुक्मिणी अष्टमी | 31 दिसंबर, गुरुवार |
काल भैरव अष्टमी (1 दिसंबर)
मार्गशीर्ष मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को काल भैरव अष्टमी मनाई जाती है। भगवान शिव के रौद्र स्वरूप काल भैरव की इस दिन विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। धार्मिक मान्यता है कि विधि-विधान और श्रद्धा के साथ काल भैरव की पूजा करने से भय, संकट और नकारात्मक शक्तियों से रक्षा होती है। प्रत्येक महीने कृष्ण पक्ष की अष्टमी को मासिक कालाष्टमी का व्रत भी रखा जाता है।
उत्पन्ना एकादशी (4 दिसंबर)
मार्गशीर्ष मास के कृष्ण पक्ष की एकादशी को उत्पन्ना एकादशी कहा जाता है। इस दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा करने के साथ व्रत रखने का विधान है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, उत्पन्ना एकादशी का व्रत करने से पापों से मुक्ति मिलती है और भगवान विष्णु की विशेष कृपा प्राप्त होती है। पद्म पुराण में भी इस एकादशी का विशेष महात्म्य बताया गया है।
रवि प्रदोष व्रत (6 दिसंबर)
प्रत्येक महीने के कृष्ण और शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि को प्रदोष व्रत रखा जाता है। दिसंबर में कृष्ण पक्ष का प्रदोष व्रत 6 दिसंबर को पड़ेगा। रविवार के दिन होने के कारण इसे रवि प्रदोष कहा जाएगा। इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा की जाती है। मान्यता है कि प्रदोष काल में शिव आराधना करने से जीवन में सुख-समृद्धि और शांति आती है।
मासिक शिवरात्रि (7 दिसंबर)
मार्गशीर्ष मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को मासिक शिवरात्रि का व्रत रखा जाएगा। इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। भक्त व्रत रखकर शिवलिंग का जलाभिषेक करते हैं और भगवान भोलेनाथ से सुख-समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना करते हैं। धार्मिक मान्यता है कि मासिक शिवरात्रि का व्रत करने से भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
मार्गशीर्ष अमावस्या (8 दिसंबर)
8 दिसंबर को मार्गशीर्ष अमावस्या मनाई जाएगी। हिंदू धर्म में अमावस्या तिथि का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन पवित्र नदियों में स्नान, दान और पितरों के निमित्त तर्पण करने की परंपरा है। भगवान विष्णु की पूजा और जरूरतमंदों को दान देने से पुण्य फल प्राप्त होने की मान्यता है।
मोक्षदा एकादशी और गीता जयंती (20 दिसंबर)
मार्गशीर्ष मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को मोक्षदा एकादशी कहा जाता है। इस दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर व्रत रखा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मोक्षदा एकादशी का व्रत करने से व्यक्ति को पापों से मुक्ति और मोक्ष की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त होता है। इस दिन पितरों की शांति के लिए भी पूजा-पाठ किया जाता है।
इसी तिथि को गीता जयंती भी मनाई जाएगी। मान्यता है कि महाभारत युद्ध के दौरान इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने कुरुक्षेत्र की रणभूमि में अर्जुन को श्रीमद्भगवद्गीता का उपदेश दिया था। इसलिए यह दिन सनातन धर्म में विशेष महत्व रखता है।
सोम प्रदोष व्रत (21 दिसंबर)
मार्गशीर्ष मास के शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि को सोम प्रदोष व्रत रखा जाएगा। सोमवार के दिन पड़ने के कारण इसे सोम प्रदोष कहा जाता है। इस दिन भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा की जाती है। धार्मिक मान्यता है कि सोम प्रदोष का व्रत रखने और शिव आराधना करने से जीवन में सुख-शांति बनी रहती है और भगवान भोलेनाथ की कृपा प्राप्त होती है।
मार्गशीर्ष पूर्णिमा और दत्तात्रेय जयंती (23 दिसंबर)
23 दिसंबर को मार्गशीर्ष पूर्णिमा का पर्व मनाया जाएगा। हिंदू धर्म में पूर्णिमा तिथि पर स्नान, दान, जप और तप का विशेष महत्व बताया गया है। इस दिन पवित्र नदियों में स्नान करने और जरूरतमंदों को दान देने की परंपरा है।
इसी दिन भगवान दत्तात्रेय की जयंती भी मनाई जाएगी। धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान दत्तात्रेय ब्रह्मा, विष्णु और महेश के संयुक्त स्वरूप माने जाते हैं। भक्त इस दिन उनकी पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हैं।
क्रिसमस डे (25 दिसंबर)
दुनियाभर में हर साल 25 दिसंबर को क्रिसमस डे मनाया जाता है। यह ईसाई धर्म का प्रमुख त्योहार है, जिसे प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर चर्चों में विशेष प्रार्थनाएं होती हैं। लोग अपने घरों को क्रिसमस ट्री, रंग-बिरंगी रोशनी और सजावट से सजाते हैं। साथ ही एक-दूसरे को उपहार देकर क्रिसमस की बधाई देते हैं।
रुक्मिणी अष्टमी (31 दिसंबर)
साल 2026 के अंतिम दिन यानी 31 दिसंबर को रुक्मिणी अष्टमी मनाई जाएगी। पौष मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को यह पर्व मनाया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसी दिन माता रुक्मिणी का प्राकट्य हुआ था। उन्हें देवी लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण और माता रुक्मिणी की पूजा करने का विधान है। मान्यता है कि श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना करने से दांपत्य जीवन में सुख-समृद्धि आती है और परिवार में खुशहाली बनी रहती है।




