Raipur iPhone Theft: रायपुर में 2 करोड़ के iPhone चोरी का बड़ा खुलासा, अंतरराज्यीय कंजर गैंग के 2 आरोपी गिरफ्तार, 132 मोबाइल बरामद

Apple Store में 8 मिनट के भीतर 173 आईफोन पर किया था हाथ साफ, iPhone 17 की सबसे ज्यादा चोरी; दो आरोपी अब भी फरार
EWरायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में करीब 2 करोड़ रुपये के आईफोन चोरी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तेलीबांधा स्थित एपल स्टोर से 31 अक्टूबर की रात चोरी हुए 173 आईफोन के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। अंतरराज्यीय कंजर गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 132 मोबाइल हैंडसेट बरामद किए हैं। चोरी की इस वारदात में iPhone 17 मॉडल की संख्या सबसे ज्यादा बताई जा रही है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने बुधवार शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया।
8 मिनट में 2 करोड़ के मोबाइल लेकर फरार हुए थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर की आधी रात के बाद आरोपियों ने तेलीबांधा स्थित एपल स्टोर को निशाना बनाया था। शातिर चोर स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर तक अपने साथ ले गए थे। इसके बावजूद पुलिस ने आसपास के दूसरे कैमरों से मिले फुटेज की मदद से आरोपियों तक पहुंचने का रास्ता खोज निकाला।
जांच में सामने आया कि रात 2:37 बजे एक दोपहिया वाहन पर सवार तीन संदिग्ध घटनास्थल के पास दिखाई दिए थे। महज आठ मिनट बाद यानी 2:45 बजे वे वहां से निकल गए। इसी फुटेज को आधार बनाकर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।
40 सदस्यीय टीम ने महाराष्ट्र से दिल्ली तक चलाया अभियान
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 40 सदस्यीय विशेष टीम गठित की थी। जांच के दौरान महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान और दिल्ली में पुलिस की टीमें भेजी गईं। करीब 250 किलोमीटर के दायरे में एक हजार से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया।
इसके अलावा 1100 से ज्यादा सेल आईडी टावर और 10 लाख से अधिक मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। लंबी जांच के बाद अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों की पहचान हुई, जिनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी दो आरोपियों की तलाश जारी है।
चोरी की बाइक से खुला कंजर गैंग का राज
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस की टीम महाराष्ट्र के मौधा तक पहुंची। वहां कोल्हान नदी के किनारे बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल मिली थी। बाइक के इंजन और चेसिस नंबर को मिटाने की कोशिश की गई थी। जांच में पता चला कि यह वही बाइक थी, जिसका इस्तेमाल रायपुर के एपल स्टोर में चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए किया गया था।
इस सुराग के बाद पुलिस ने तकनीकी और मैदानी जांच तेज की और आखिरकार कंजर गैंग के सदस्यों तक पहुंच गई।
गैंग के सरगना पर 47 से अधिक मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, इस चोरी के पीछे अंतरराज्यीय कंजर गिरोह का हाथ है। गिरोह का सरगना राजेश कंजर उर्फ झाला बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ मध्यप्रदेश और राजस्थान में 47 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोप है कि उसने अपने बेटे और अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
वहीं, सफान खान चोरी किए गए मोबाइल फोन को खपाने का काम कर रहा था। पुलिस ने उसे विदेश भागने से पहले ही पकड़ लिया। मामले में राज झाला और राजेश लोधी, दोनों निवासी देवास (मध्यप्रदेश), की तलाश की जा रही है।
पुलिस की जांच जारी, दो आरोपी अब भी फरार
इस पूरे अभियान की निगरानी एडिशनल सीपी अमित तुकाराम काम्बले, डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला, डीसीपी सेंट्रल तारकेश्वर पटेल, डीसीपी वेस्ट रॉबिन्सन गुरिया और डीएसपी क्राइम संजय सिंह ने की।
पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश के साथ चोरी के बाकी मोबाइल फोन की बरामदगी में जुटी है। इस मामले में अंतरराज्यीय गिरोह के नेटवर्क और चोरी के मोबाइल की सप्लाई चेन की भी जांच की जा रही है।




