महंत लक्ष्मीनारायण दास महाविद्यालय में संविधान दिवस का आयोजन

० संविधान के मूल्यों को आत्मसात करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य – डॉ. मुखर्जी
रायपुर। महंत लक्ष्मीनारायण दास महाविद्यालय, रायपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा आज संविधान दिवस के अवसर पर महाविद्यालय के सभागार में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. देवाशीष मुखर्जी ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता एवं न्याय का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान में निहित आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
प्राध्यापक डॉ. किरण अग्रवाल ने संविधान की प्रस्तावना की महत्ता बताते हुए कहा कि इसमें निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्य भारतीय लोकतंत्र की आत्मा हैं। डॉ. अर्चना मोडक ने महिला अधिकारों एवं समान अवसरों के संदर्भ में संविधान की भूमिका पर प्रकाश डाला। डॉ. प्रेम चंद्राकर ने संवैधानिक अधिकारों के साथ-साथ नागरिक कर्तव्यों के पालन पर जोर दिया। प्रो. प्रीतम दास ने युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. लक्ष्मीकांत साहू ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों का दायित्व है कि वे संविधान के आदर्शों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाएं।
इस अवसर पर स्वयंसेवक आकांक्षा, पलक, तनिष्का, जया, स्नेहल, हिमांशु, प्रशांत, वीणा एवं दुर्गेश ने भी संविधान के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन राशि देशमुख ने किया। आयोजन में बड़ी संख्या में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।





