CG Crime News: पुलिस को चकमा देकर थाने से फरार हुए लूट के दो आरोपी, सुरक्षा में चूक पर 3 आरक्षक सस्पेंड

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी लापरवाही सामने आई है. सिटी कोतवाली थाने में पुलिस अभिरक्षा में रखे गए लूट के दो आरोपी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गए. गुरुवार सुबह हुई इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में निगरानी के लिए तैनात तीन आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. वहीं, फरार आरोपियों के खिलाफ अलग से आपराधिक मामला भी दर्ज किया गया है.
लूट की दो वारदातों में पकड़े गए थे आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई लूट की दो अलग-अलग घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस ने विशाल बासफोड़ और राजेश साहू को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था. पूछताछ में दोनों ने लूट की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया था. इसके बाद पुलिस ने दोनों को रात में थाने में ही रखा था.
तीन आरक्षकों को सौंपी गई थी निगरानी की जिम्मेदारी
थाने में दोनों आरोपियों की सुरक्षा और निगरानी की जिम्मेदारी आरक्षक नितेश ध्रुव, किशन देवांगन और दुर्गेश साहू को सौंपी गई थी. लेकिन गुरुवार सुबह दोनों आरोपी पुलिस को चकमा देकर थाने से फरार हो गए. थाने के भीतर पुलिस अभिरक्षा से आरोपियों के भाग निकलने से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
एसपी ने तीन आरक्षकों को किया सस्पेंड
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया. ड्यूटी के दौरान निगरानी में लापरवाही बरतने के आरोप में एसपी ने तीनों आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. वहीं, फरार आरोपियों के खिलाफ भी अलग से आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है.
फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस के सामने दोनों फरार आरोपियों को दोबारा पकड़ने की चुनौती है. उनके फरार होने के तरीके और संभावित ठिकानों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है.




