CG PWD Review Meeting: निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और गति पर रहेगी सख्त नजर, मुख्य अभियंताओं को हर सप्ताह दो दिन फील्ड में रहने के निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लोक निर्माण विभाग के निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने निगरानी व्यवस्था सख्त करने का फैसला लिया है। विभागीय सचिव मुकेश कुमार बंसल ने सभी मुख्य अभियंताओं को हर सप्ताह कम से कम दो दिन फील्ड में रहकर सड़कों, पुलों और भवनों के निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
15 दिनों के भीतर जारी होंगे कार्यादेश
मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक में सचिव मुकेश कुमार बंसल ने पांचों परिक्षेत्रों, सेतु बंध, विद्युत एवं यांत्रिकी, राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रमुख अभियंता कार्यालय के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान निर्माणाधीन भवनों, सड़कों और पुलों की प्रगति के साथ नए कार्यों की निविदा प्रक्रिया की स्थिति का जायजा लिया गया।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिन कार्यों की निविदाएं स्वीकृत हो चुकी हैं, उनके कार्यादेश चयनित ठेकेदारों और एजेंसियों को 15 दिनों के भीतर जारी किए जाएं, ताकि निर्माण के अनुकूल मौसम का पूरा लाभ उठाकर काम में तेजी लाई जा सके।
गुणवत्ताहीन काम दोबारा कराने के निर्देश
बंसल ने ठेकेदारों के कार्यों की नियमित और कड़ी निगरानी करने के साथ ही समय पर भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने मुख्य अभियंताओं को अधीक्षण अभियंता से लेकर उप अभियंता तक के अधिकारियों की बैठक लेकर निर्माण कार्यों की प्रगति की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए।
साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 और चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वीकृत कार्यों की निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराने पर जोर दिया।
सचिव ने स्पष्ट किया कि ठेकेदारों द्वारा किए गए गुणवत्ताहीन कार्यों को बेहतर गुणवत्ता के साथ दोबारा कराया जाए। उन्होंने मानपुर-कोहका और गरियाबंद में राष्ट्रीय राजमार्ग के हिस्सों के साथ कबीरधाम जिले में परफॉर्मेंस गारंटी के तहत आने वाले बानौ-कान्हाभैरा मार्ग के खराब हिस्सों को उखाड़कर नए सिरे से बनाने के निर्देश दिए।
जन शिकायतों के निराकरण की भी समीक्षा
बैठक में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा जमा मद के कार्यों, भू-अर्जन, वन-व्यपवर्तन, न्यायालयीन मामलों, अनुकंपा नियुक्ति और पेंशन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।
सचिव ने सीएम-हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी और सीपीग्राम्स (Centralised Public Grievances Redress & Monitoring System) के माध्यम से प्राप्त जन शिकायतों के निराकरण की स्थिति का भी जायजा लिया।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वीके भतपहरी, अपर सचिव एसएन श्रीवास्तव, सीजीआरआईडीसीएल के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय, उप सचिव अंशिका पाण्डेय सहित विभाग के सभी मुख्य अभियंता मौजूद रहे।





