#राष्ट्रीय

परिसीमन विधेयक के खिलाफ INDIA गठबंधन एकजुट, खरगे के आवास पर हुई बैठक; सरकार के खिलाफ बनेगी साझा रणनीति

Advertisement Carousel

नई दिल्ली। संसद में परिसीमन से जुड़े प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयक को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। केंद्र सरकार के संभावित कदम के विरोध में INDIA गठबंधन ने साझा रणनीति तैयार करने की कवायद शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में शनिवार को राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर गठबंधन के नेताओं की अहम बैठक हुई।

बैठक सुबह 11:30 बजे नई दिल्ली स्थित खरगे के 10, राजाजी मार्ग आवास पर आयोजित की गई। इसमें INDIA गठबंधन के घटक दलों के फ्लोर लीडर्स शामिल हुए। इसके अलावा गठबंधन से बाहर के विपक्षी दलों डीएमके, आम आदमी पार्टी (आप) और बीजू जनता दल (बीजद) सहित अन्य दलों को भी आमंत्रित किया गया था। हालांकि, डीएमके और शरद पवार गुट की ओर से कोई नेता बैठक में शामिल नहीं हुआ।

खरगे बोले- लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है विधेयक

बैठक के बाद मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन के नेताओं ने मिलकर तय किया है कि मोदी सरकार की ओर से लाया जा रहा संविधान संशोधन विधेयक लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है।

खरगे ने आरोप लगाया कि सरकार परिसीमन के जरिए सत्ता अपने हाथों में केंद्रित करना चाहती है। उन्होंने कहा कि पहले 400 पार का नारा दिया गया था, अब 800 पार और 850 से अधिक सीटों की बात हो रही है।

एससी-एसटी के प्रतिनिधित्व को लेकर उठाए सवाल

खरगे ने प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के प्रतिनिधित्व को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 2026 की जनगणना के आंकड़े आने के बाद एससी-एसटी वर्ग को उनका उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उनके मुताबिक, मौजूदा प्रस्ताव में इन वर्गों के साथ न्याय नहीं होने की आशंका है।

उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जिस आयोग पर मतदाता सूची से करोड़ों लोगों के नाम हटाने के आरोप हैं, उसी को परिसीमन की जिम्मेदारी देना विपक्ष को स्वीकार नहीं है।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी साधा निशाना

प्रेस कॉन्फ्रेंस में खरगे ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन की प्रक्रिया में मनमाने तरीके से सीटों को सामान्य और आरक्षित श्रेणी में बांटा जा सकता है। खरगे ने कहा कि विपक्ष निष्पक्ष परिसीमन और आरक्षण व्यवस्था को लेकर स्पष्टता चाहता है।

30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र

गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र बुलाया है। इस दौरान सरकारी कामकाज के साथ महिला आरक्षण को जल्द लागू करने के उद्देश्य से परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पेश किए जाने की संभावना जताई जा रही है। इसी संभावित विधायी कदम को लेकर विपक्षी दलों ने अपनी रणनीति पर चर्चा शुरू कर दी है।