#प्रदेश

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में बढ़ी ठंड, अंबिकापुर में पारा 8.5 डिग्री पर पहुंचा, रायपुर में सुबह छाया कोहरा

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ठंड का असर लगातार बढ़ने लगा है। बीते तीन दिनों में दिन और रात के तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं राजधानी रायपुर सहित दुर्ग और बिलासपुर में भी रात का पारा 13 से 15 डिग्री के बीच बना हुआ है। तापमान में गिरावट के कारण सुबह और शाम ठिठुरन बढ़ गई है। रविवार सुबह राजधानी रायपुर में कई इलाकों में कोहरा भी देखने को मिला।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं बारिश को लेकर भी कोई अलर्ट नहीं है। ऐसे में आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय ठंड का असर बना रह सकता है।

अंबिकापुर में सबसे ज्यादा ठंड, न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री

प्रदेश में ठंड का सबसे अधिक असर उत्तरी छत्तीसगढ़ के इलाकों में देखने को मिल रहा है। अंबिकापुर और बलरामपुर-रामानुजगंज में तापमान लगातार नीचे जा रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान अंबिकापुर में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सुकमा में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

रायपुर में रात का पारा 15 डिग्री, सुबह-शाम बढ़ेगी ठिठुरन

राजधानी रायपुर में भी ठंड का असर साफ दिखाई देने लगा है। तीन दिन पहले तक जहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर था, वहीं अब यह गिरकर 27.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 29 नवंबर को रायपुर में आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिन में धूप निकलने से मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन सुबह और रात में ठंड अधिक महसूस होगी।

बंगाल में चक्रवाती परिसंचरण, छत्तीसगढ़ पर नहीं पड़ेगा खास असर

मौसम विभाग के मुताबिक, गंगीय पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से करीब 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। हालांकि इसका छत्तीसगढ़ के मौसम पर फिलहाल कोई विशेष प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है। प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। ऐसे में लोगों को सुबह और रात के समय गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी जा रही है।