प्रयागराज। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तीर्थराज प्रयाग के त्रिवेणी संगम में पुण्य स्नान किया। देश की संस्कृति और आध्यात्म के महापर्व में आस्था की डुबकी लगाकर उन्होंने पूरे प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। स्नान के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पत्नी के साथ विधि-विधान से मां गंगा की पूजा-अर्चना की।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महाकुंभ 2025 के दौरान त्रिवेणी संगम में स्नान करने के बाद कहा कि “आज छत्तीसगढ़ के लिए बहुत सौभाग्य का दिन है कि हम लोग छत्तीसगढ़ से प्रयागराज की पावन भूमि पर आए हैं और हमने आज यहां त्रिवेणी संगम में स्नान किया है… हमारे संगठन के सभी लोग यहां एक साथ आए हुए हैं… 144 वर्षों के बाद महाकुंभ का ऐसा शुभ मुहूर्त आया है और हम सभी लोग डुबकी लगाकर पुण्य के भागी बने हैं… हम इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी सरकार को चुस्त-दुरुस्त तैयारियों और चाक-चौबंद व्यवस्थाओं के लिए शुभकामनाएं देते हैं… ”