#प्रदेश

हरियाणा के सोनीपत में देर रात लगे भूकंप के झटके, हिलने लगी धरती तो घर से बाहर निकले लोग

Advertisement Carousel

सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले में शुक्रवार देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। जिस समय भूकंप आया, उस वक्त अधिकतर लोग गहरी नींद में सो रहे थे। इसी दौरान धरती हिलने लगी। झटके महसूस होते ही लोग घरों से बाहर निकल गए। हालांकि हल्के झटके होने से किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब एक बजकर 47 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस हुए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.4 मापी गई। भूकंप का केंद्र हरियाणा का सोनीपत रहा।

जैसे ही झटके महसूस हुए कुछ लोग नींद से अचानक जाग गए और घरों से बाहर निकल आए। देर रात का समय होने की वजह से शुरुआत में लोगों को समझ नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है?

भूकंप के हल्के झटके थे। ऐसे में ग्रामीण और शहरी इलाकों में कंपन महसूस हुआ। राहत की बात यह है कि किसी भी प्रकार की जनहानि की कोई सूचना सामने नहीं आई है।

क्यों आता है भूकंप?
पृथ्वी के अंदर 7 प्लेट्स हैं, जो लगातार घूमती रहती हैं। जहां ये प्लेट्स ज्यादा टकराती हैं, वह जोन फॉल्ट लाइन कहलाता है। बार-बार टकराने से प्लेट्स के कोने मुड़ते हैं। जब ज्यादा दबाव बनता है तो प्लेट्स टूटने लगती हैं। नीचे की ऊर्जा बाहर आने का रास्ता खोजती हैं और डिस्टर्बेंस के बाद भूकंप आता है।

भूकंप का केंद्र उस स्थान को कहते हैं जिसके ठीक नीचे प्लेटों में हलचल से भूगर्भीय ऊर्जा निकलती है। इस स्थान पर भूकंप का कंपन ज्यादा होता है। कंपन की आवृत्ति ज्यों-ज्यों दूर होती जाती हैं, इसका प्रभाव कम होता जाता है। फिर भी यदि रिक्टर स्केल पर 7 या इससे अधिक की तीव्रता वाला भूकंप है तो आसपास के 40 किमी के दायरे में झटका तेज होता है। लेकिन यह इस बात पर भी निर्भर करता है कि भूकंपीय आवृत्ति ऊपर की तरफ है या दायरे में। यदि कंपन की आवृत्ति ऊपर को है तो कम क्षेत्र प्रभावित होगा।