Jagdalpur Crime: मोती ज्वेलर्स में 1.75 करोड़ की सोने की उठाईगिरी का खुलासा, महिला गैंग ने बच्ची से चोरी करवाए जेवर; 4 गिरफ्तार
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित पैलेस रोड के मोती ज्वेलर्स में हुई करीब 1 करोड़ 75 लाख रुपये के सोने के जेवरात की उठाईगिरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस वारदात को महिला गैंग ने अंजाम दिया था, जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले में दो नाबालिगों समेत चार आरोपियों को पकड़ा है। वहीं, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
इस पूरी वारदात का खुलासा दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से हुआ। फुटेज में एक महिला सोने के झुमकों से भरा डिब्बा उठाकर अपने साथ आई बच्ची को देती नजर आई। बच्ची ने डिब्बे को अपने झोले में रख लिया और दोनों वहां से निकल गईं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्कॉर्पियो वाहन की पहचान के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
क्या है पूरा मामला? महिला ने झुमकों का डिब्बा बच्ची को थमाया
घटना 7 नवंबर की शाम करीब 4:30 बजे की है। दीपावली की खरीदारी के चलते उस समय मोती ज्वेलर्स में ग्राहकों की आवाजाही थी। इसी दौरान एक महिला दुकान में पहुंची। उसने पहले आसपास नजर दौड़ाई और मौका मिलते ही सोने के झुमकों से भरा डिब्बा उठा लिया।
इसके बाद महिला ने डिब्बा अपने साथ आई बच्ची को थमा दिया। बच्ची ने उसे अपने झोले में रख लिया। कुछ ही देर बाद महिला और बच्ची दुकान से बाहर निकल गईं। इस तरह गिरोह ने भीड़ का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।
डिब्बा गायब होने पर खंगाले गए CCTV फुटेज
कुछ समय बाद दुकान संचालकों को सोने के जेवरात का डिब्बा गायब होने की जानकारी हुई। काफी तलाश के बाद भी जब डिब्बा नहीं मिला तो दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसमें महिला की पूरी गतिविधि कैद मिली। फुटेज में वह पहले आसपास देखती है और फिर झुमकों से भरा डिब्बा उठाकर बच्ची को देती दिखाई देती है।
दुकान संचालक ने पुलिस को बताया कि डिब्बे में करीब 1200 ग्राम सोने के जेवरात थे, जिनकी कीमत लगभग 1 करोड़ 75 लाख रुपये है। शिकायत के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।
स्कॉर्पियो ट्रैक कर आरोपियों के गांव पहुंची पुलिस
एएसपी सुखनंदन सिंह राठौर ने बताया कि दीपावली के पहले दिन मोती ज्वेलर्स में उठाईगिरी की शिकायत मिली थी। दुकान संचालक ने 1200 ग्राम सोने के जेवरात चोरी होने की जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान शुरू की।
जांच के दौरान वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो की पहचान हुई। वाहन को ट्रैक करते हुए पुलिस रायकोट पथरेली उड़वा गांव तक पहुंची। वहां ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ा। पुलिस टीम ने रायकोट के जंगल में छिपे एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया।
दो नाबालिग हिरासत में, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में डिब्बा झोले में रखने वाली बच्ची भी पकड़ में आ गई है। मामले में दो नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने एक ऑटो भी जब्त किया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर चोरी किए गए सोने के जेवरात की बरामदगी और गिरोह के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।



