एसआईआर की समय सीमा 3 माह बढ़ाई जाए- कांग्रेस
० अभी तक आधे मतदाताओं के फार्म जमा नहीं हुए है
रायपुर। कांग्रेस ने एसआईआर की समय सीमा तीन माह बढ़ाने की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया अंतिम दिन है। अभी तक भौतिक रूप से 50 फीसदी मतदाताओं का प्रपत्र भरकर जमा नहीं हुआ है ऐसे में सभी का एसआईआर कैसे हो पायेगा? आयोग सिर्फ कागजी दावे करता है कि 99.98 प्रतिशत लोगों का फार्म जमा हो चुका है जबकि अभी भी बहुत लोगों तक फार्म नहीं पहुंचा है और जमा भी नहीं हुआ है। आयोग कहता है 99.98 प्रतिशत डिजिटलीकरण का काम पूरा हो गया है, जबकि 22 लाख लोगों तक बीएलओ पहुंच नहीं पाये है। सभी का एसआईआर हो सके इसलिए भी समय सीमा बढ़ाया जाना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस ने राज्य चुनाव आयोग को ज्ञापन सौंप कर छत्तीसगढ़ में एसआईआर की अवधि को तीन माह बढ़ाये जाने की मांग किया था। राज्य में वर्तमान में धान कटाई और धान बेचने का काम चल रहा है। राज्य के बस्तर क्षेत्र में भीषण बाढ़ के कारण लोगों के आवश्यक दस्तावेज बह गये थे, खराब हो गये है। वे लोग एसआईआर में अपना दस्तावेज जमा नहीं कर पाये है। इसलिए भी लोगों को दस्तावेज जमा करने के लिए कम से कम तीन माह का समय दिया ही जाना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि राज्य में मनरेगा का काम बंद होने के कारण प्रदेश के बिलासपुर, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, जशपुर, बस्तर के कुछ क्षेत्रों से बड़े संख्या में लोग रोजी-रोटी के लिए पलायन करके प्रदेश के बाहर गये है, उन सब का एसआईआर 1 माह में हो पाना कठिन है। इसके साथ ही बस्तर के 600 से अधिक गांव के लोग जो नक्सल प्रभावित थे, वर्षो से बस्तर छोड़ तेलंगाना, आंध्रप्रदेश चले गये थे उनको एसआईआर इतने कम समय में कैसे होगा, यह बड़ा सवाल है। इसलिए यह जरूरी है कि आयोग एसआईआर की अवधि को तीन माह बढ़ाये।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अभी चुनाव में तीन साल बचा है। मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण तुरंत एक माह में ही करवाना कोई आवश्यक नहीं है इस समय को 3 माह के लिये बढ़ाया जा सकता है। इससे लोगों को सुविधा होगी और सभी को अपने दस्तावेज जमा करने का पर्याप्त अवसर भी मिलेगा।



