Budget 2026 LIVE:इनकम टैक्स स्लैब और स्टैंडर्ड डिडक्शन में कोई बदलाव नहीं, दवाएं सस्ती, टैक्स नियम आसान, लेकिन बढ़ाया STT कर, वित्त मंत्री के बड़े ऐलान
नई दिल्ली। लोकसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट भाषण पढ़ना शुरू कर दिया है। निर्मला सीतारमण बतौर वित्त मंत्री संसद में अपना 9वां बजट (Budget 2026-27 LIVE Updates) पेश कर रही हैं। वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार के कदमों से 7 प्रतिशत का विकास और गरीबी कम करने में मदद मिली है। भारत को वैश्विक बाजारों से एकीकृत होना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने व्यापक सुधार किए हैं। 2025 में 350 से अधिक सुधारों को शुरू किया गया है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि देश में 7 नए हाई स्पीड रेल कॉरिडोर बनाए जांएगे, जो मुंबई से पुणे, पुणे से हैदराबाद, हैदराबाद से बेंगलुरु, हैदराबाद से चेन्नई, सिलिगुड़ी से वाराणसी के बीच तैयार होंगे।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि मेगा टैक्सटाइल पार्क बनाए जाएंगे। नेशनल फाइबर स्कीम, मैन मेड फाइबर, एडवांस्ड फाइबर, नेशनल हैंडलूम पॉलिसी से कारीगरों को प्रोत्साहन और मदद दी जाएगी। एकेडमिक इंस्टीट्यूट से तकनीकी मदद संभव होगी।
इनकम टैक्स स्लैब और स्टैंडर्ड डिडक्शन में कोई बदलाव नहीं
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इनकम टैक्स के मोर्चे पर कोई राहत नहीं दी है और उन्होंने आयकर स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इनकम टैक्स स्लैब पहले की तरह ही रहेंगे। इसके अलावा, स्टैंडर्ड डिडक्शन में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है।
कैंसर रोगियों के लिए 17 दवाएं सस्ती
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कैंसर रोगियों के लिए 17 दवाएं सस्ती करने का एलान किया है। इसके अलावा, उन्होंने डिफेंस सेक्टर को कस्टम ड्यूटी में छूट देने की घोषणा की है।
फ्यूचर एंड ऑप्शन पर STT टैक्स को बढ़ाया गया
नॉन कॉरपोरेट प्रमोटर्स पर लेगा 22 फीसदी टैक्स, शेयर बाजार में फ्यूचर एंड ऑप्शन पर STT यानी सिक्योरिटी ट्रांजेक्शन टैक्स को बढ़ाया गया है। फ्यूचर्स पर एसटीटी को बढ़ाकर 0.05% किया गया, जबकि ऑप्शंस प्रीमियम पर एसटीटी को 0.1% से बढ़ाकर 0.15% कर दिया गया है।
बजट 2026 की साइज 53.5 लाख करोड़ रुपये, पिछले बजट के मुकाबले हुई बढ़ोतरी
बजट 2026 का साइज 53.5 लाख करोड़ रुपये है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के अनुसार, सरकार ने वित्त वर्ष 2027 में डेट-टू-जीडीपी रेशियो को चालू वित्त वर्ष के 56.1 प्रतिशत से घटाकर 55.6 प्रतिशत करने का प्रस्ताव रखा है।
विदेशों में मौजूद संपत्ति के लिए 6 महीने लिए डिस्क्लोजर स्कीम
इंटरनेशनल टूर पर टीसीएस 5% और 20% से घटाकर 2% किया गया। विदेशों में मौजूद संपत्ति के लिए छह महीने लिए डिस्क्लोजर स्कीम
इनकम टैक्स के फॉर्म को आसान बनाया जाएगा- वित्त मंत्री
इनकम टैक्स के फॉर्म को आसान बनाया जाएगा। 1 अप्रैल से इनकम टैक्स का नया फॉर्म आएगा। विदेश यात्रा पर टीडीएस 2 फीसदी होगा। वित्त मंत्री सीतारमण ने वित्त वर्ष 2027 के बजट में छोटे करदाताओं के लिए रूल-बेस्ड ऑटोमेटेड प्रोसेस का प्रस्ताव रखा है।
अपग्रेड होंगे जिला अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर में बढ़ाई जाएंगी सुविधाएं
वित्त मंत्री ने हेल्थकेयर सेक्टर को लेकर एक बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि देशवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए जिला अस्पतालों का अपग्रेड किया जाएगा और ट्रॉमा सेंटर की संख्या बढ़ेगी।
छोटे शहरों में विकसित होंगे ‘कॉर्पोरेट मित्रों’ कैडर
वित्त मंत्री सीतारमण ने कहा कि सरकार टियर 2 और टियर 3 के शहरों में लघु एवं मध्यम उद्यमों की सहायता के लिए ‘कॉर्पोरेट मित्रों’ का कैडर विकसित करेगी।
हर जिले में लड़कियों के लिए खुलेंगे छात्रावास
बजट2026 में वित्त मंत्री निर्मला सीतारामण ने 5 विश्वविद्यालय टाउनशिप और प्रत्येक जिले में लड़कियों के छात्रावास खोलने का एलान किया है।
पढ़ाई, नौकरी से लेकर बिजनेस तक, उच्च स्तरीय स्थायी समिति के गठन का प्रस्ताव
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, “मैं ‘शिक्षा से रोजगार और उद्यम’ के क्षेत्र में एक उच्चस्तरीय स्थायी समिति गठित करने का प्रस्ताव रखती हूं, जो विकसित भारत के मुख्य चालक के रूप में सेवा क्षेत्र पर केंद्रित उपायों की सिफारिश करेगी। इससे हम 2047 तक सेवाओं में 10% वैश्विक हिस्सेदारी के साथ वैश्विक नेता बन सकेंगे।
देश में खुलेंगे 3 नए आयुर्वेद एम्स
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि देश में 3 नए आयुर्वेद एम्स खुलेंगे। इसके अलावा, 5 क्षेत्रीय चिकित्सा केंद्रों की स्थापना भी होगी।


