#प्रदेश

10 करोड़ का बैंक घोटाला : बरमकेला अपेक्स बैंक की 17 समितियों में बड़ा फ्रॉड,नौ सौ किसानों के नाम से फर्जी लोन… EOW जांच शुरू

Advertisement Carousel

 

रायगढ़। बरमकेला (रायगढ़/सारंगढ़-बिलाईगढ़) की सहकारी समितियों और अपेक्स बैंक शाखा में लगभग 10 करोड़ रुपए का गबन सामने आने से पूरे सहकारिता जगत में खलबली मच गई है। इस घोटाले की जांच जांच अब आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने शुरू की है। यह घोटाला 1 अप्रैल 2024 से नवंबर 2024 के बीच हुआ है। प्रारंभिक जांच में बरमकेला ब्लॉक की 17 सहकारी समितियों में गड़बड़ी पाई गई है। इनमें बड़े नवापारा, बरमकेला, बोंदा, दुलोपाली और लेंन्ध्रा जैसी समितियां शामिल हैं। घोटाले में उन किसानों के नाम पर फर्जी लोन (KCC) निकाला गया जिन्होंने कभी ऋण लिया ही नहीं था। करीब 887 खातों से संदिग्ध ट्रांजेक्शन हुए हैं।

अब तक हुई जांच में यह बात आ रही है कि बैंक कर्मचारियों द्वारा अधिकारियों के आईडी और पासवर्ड का दुरुपयोग कर समितियों के खातों से बड़ी रकम निकाली गई। एक और अहम बात ये है कि इस स्कैम की जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है क्योंकि समिति प्रबंधकों की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है। हालांकि अभी तक दर्ज FIR में उनके नाम शामिल नहीं थे।
बता दें कि इस मामले में तत्कालीन शाखा प्रबंधक, लेखाधिकारी और लिपिक सहित 8 कर्मचारियों को निलंबित या सेवा से हटाया गया है। वर्तमान शाखा प्रबंधक की शिकायत पर FIR दर्ज की गई है, जिसमें तत्कालीन अधिकारियों और कर्मचारियों को आरोपी बनाया गया है।