रांची में रफ्तार का कहर: तेज SUV ने 6 लोगों को रौंदा, एक की मौत, दो गंभीर
रांची। रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जब तेज रफ्तार और बेकाबू थार (SUV) ने सड़क किनारे खड़े छह लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में 40 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, साउथ रेलवे कॉलोनी स्थित दुर्गा मंदिर के पास एक गृह प्रवेश कार्यक्रम के बाद कुछ लोग बाहर निकलकर सड़क किनारे बातचीत कर रहे थे। तभी रेलवे स्टेशन की ओर से तेज गति से आ रही थार अचानक अनियंत्रित हो गई और वहां खड़े लोगों को कुचलते हुए आगे बढ़ गई। गाड़ी की रफ्तार इतनी तेज थी कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायलों में रेलवे की टीटी अन्नपूर्णा नायडू (50), उनके बेटे कुणाल नायडू (26), संदीप महतो (40), अमित सिंह (35) और प्रशांत गौरव शामिल हैं। अन्नपूर्णा और कुणाल का इलाज राज अस्पताल में चल रहा है, जबकि प्रशांत गौरव को गुरुनानक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र कुमार, जो एक निजी कंपनी में मोबाइल टावर लगाने का काम करते थे, ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उनका शव पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया है।
हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने उसकी पहचान कर ली है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और शहर में वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। हाल के दिनों में शहर में तेज रफ्तार वाहनों से जुड़े हादसों की बढ़ती घटनाओं ने सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





