धमतरी के पहाड़ी इलाके में जंगल की आग, वन विभाग ने मौके पर किया काबू पाने का प्रयास
धमतरी। उदन्ती-सीतानदी टाइगर रिज़र्व के सीतानदी रेंज में अचानक भीषण आग लग गई, जो देखते ही देखते पहाड़ी इलाकों तक फैल गई। फायर सीजन से पहले लगी इस आग ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है।
मुख्य मार्ग घठुला से बोरई अंगिरा ऋषि पहाड़ी इलाके में भड़कती आग और फैलते धुएं की सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण इसे काबू में करना चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है।
सीतानदी रेंज के फॉरेस्ट गार्ड शिवा शुक्ला और अन्य वनकर्मी, वन चौकीदारों और फील्ड स्टाफ के साथ आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं। तेज हवाओं और सूखी घास के कारण आग तेजी से फैल रही है, जिससे राहत और बचाव कार्य कठिन हो गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पास के खेत में शुरू की गई आग पहाड़ी क्षेत्र तक फैल गई। गर्मी की शुरुआत और जंगल में सूखे पत्तों की अधिकता के कारण आग ने जल्दी पकड़ ली।
वन विभाग आग पर काबू पाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है और आसपास के लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।





