बांग्लादेश में बीएनपी की बड़ी जीत: पीएम मोदी ने तारिक रहमान को दी बधाई, भारत-बांग्लादेश संबंधों पर दिया संकेत
इंटरनेशनल न्यूज़। बांग्लादेश आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने शानदार बहुमत हासिल किया है। पार्टी के प्रमुख और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान के नेतृत्व में यह जीत बांग्लादेश के लोगों के उनके नेतृत्व में भरोसे को दर्शाती है।
पीएम मोदी ने दी बधाई और मजबूत रिश्तों का संकेत
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तारिक रहमान को इस ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा कि भारत लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के समर्थन में हमेशा खड़ा रहेगा। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि वह बीएनपी नेतृत्व के साथ मिलकर भारत-बांग्लादेश के बहुआयामी संबंधों को और मजबूत करने और साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए काम करने के लिए उत्सुक हैं।
बीएनपी का चुनावी प्रदर्शन
18 महीनों के सत्ता संघर्ष और घमासान के बाद हुए चुनाव में बीएनपी को दो तिहाई बहुमत मिला। जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले गठबंधन को केवल 73 सीटें मिली हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने भी दी बधाई
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर बीएनपी की जीत पर तारिक रहमान को बधाई दी और उनके नेतृत्व में पार्टी की ऐतिहासिक सफलता की सराहना की।
सीटों का समीकरण
बांग्लादेश की संसद में कुल 300 सीटें हैं। इनमें से 299 सीटों पर मतदान हुआ, जबकि शेरपुर-3 सीट पर उम्मीदवार की मृत्यु के कारण चुनाव रद्द कर दिया गया। बहुमत के लिए 150 सीटें जरूरी हैं। 50 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं, जिनका बंटवारा सामान्य सीटों पर पार्टियों के प्रदर्शन के आधार पर किया जाता है।




