#प्रदेश

छत्तीसगढ़ में 5वीं-8वीं बोर्ड परीक्षा को लेकर बड़ा निर्णय: कोई छात्र नहीं होगा फेल , मिलेगा दोबारा मौका

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कक्षा 5वीं और 8वीं की वार्षिक परीक्षाओं की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। जारी समय-सारणी के अनुसार कक्षा 5वीं की परीक्षा 16 मार्च से प्रारंभ होगी, जबकि कक्षा 8वीं की परीक्षा 17 मार्च से आयोजित की जाएगी। दोनों ही परीक्षाएं सुबह 9 बजे से शुरू होंगी।

इस सत्र से राज्य में 5वीं और 8वीं की परीक्षाएं केंद्रीकृत व्यवस्था के तहत कराई जा रही हैं। इस संबंध में छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी कलेक्टरों और जिला शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

छात्रों को राहत देने वाला फैसला

स्कूल शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस वर्ष किसी भी छात्र को सीधे तौर पर फेल घोषित नहीं किया जाएगा। यदि कोई विद्यार्थी मुख्य परीक्षा में निर्धारित अंक प्राप्त नहीं कर पाता है, तो उसे पूरक (सप्लीमेंट्री) परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा।

इसके अतिरिक्त, यदि छात्र सप्लीमेंट्री परीक्षा में भी सफल नहीं हो पाता है, तब भी उसे अगली कक्षा में प्रवेश दिया जाएगा। इस निर्णय का उद्देश्य विद्यार्थियों की पढ़ाई को बाधित होने से बचाना और परीक्षा के दबाव को कम करना है।

राज्य सरकार के इस कदम को विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है।